पंजाब के पठानकोट में रसोई गैस की किल्लत ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालात ऐसे हैं कि सुबह होते ही गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद वीरवार को कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने खुद मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और सख्त रुख अपनाया।
मंत्री सुबह करीब नौ बजे कस्बा तंगोशाह स्थित गैस एजेंसी पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि सैकड़ों लोग लाइन में खड़े हैं। कई लोग सुबह चार बजे से ही अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, जबकि कुछ लोगों ने बताया कि वे पिछले दो से तीन दिन से लगातार आ रहे हैं, लेकिन उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा।
लोगों की यह हालत देखकर मंत्री ने तुरंत एजेंसी के कर्मचारियों को फटकार लगाई। उन्होंने मौके पर ही जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक राज ऋषि मेहरा को फोन कर स्थिति से अवगत कराया और संबंधित एजेंसी मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एजेंसी में दिखी कर्मचारियों की कमी
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि एजेंसी पर कर्मचारियों की कमी थी और केवल एक भंडार प्रभारी मौजूद था। गोदाम का ताला भी बंद मिला, जिसे खुलवाकर मंत्री ने स्वयं जांच की। उन्होंने कहा कि लोगों को इस तरह परेशान करना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक ने मंत्री को आश्वासन दिया कि जिन एजेंसियों की लापरवाही सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया है और गैस किल्लत को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम लोगों को किसी भी हालत में परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी गैस एजेंसी ने नियमों के विपरीत काम किया या जानबूझकर लोगों को परेशान किया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। साथ ही आने वाले दिनों में अन्य गैस एजेंसियों पर भी औचक जांच की जाएगी।


