गोरखपुर में शादी टूटने पर युवक ने मंगेतर का आपत्तिजनक वीडियो इंस्टाग्राम पर डाला, जान से मारने की दी धमकी

6.2kViews
1445 Shares

शादी टूटने के बाद एक युवक ने अपने मंगेतर का आपत्तिजनक वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी। विरोध करने पर उसने युवती को जान से मारने की धमकी दी। जानकारी होने पर युवती की मां ने पीपीगंज थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

महिला ने पुलिस को बताया कि छह माह पहले उनकी बेटी की शादी सहजनवा क्षेत्र के एक युवक से तय हुई थी। जून 2026 में विवाह की तारीख भी निर्धारित हो चुकी थी। शादी तय होने के बाद युवक उनकी बेटी को फोन कर बातचीत करने लगा। कई बार घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया।

इसी बीच ऑनलाइन वीडियो कॉल के जरिए बहला-फुसलाकर युवती का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इसके बाद वह छोटी-छोटी बातों पर युवती और उसके स्वजन को अपशब्द कहने लगा और धमकियां देने लगा।

जानकारी होने पर जब युवक के स्वजन से शिकायत की, तो वहां भी विवाद हुआ। इसके बाद युवक ने 25 मार्च को युवती का फोटो और वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया।

विरोध करने पर उसने हटाने की जगह अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। फिर युवती के स्वजन ने शादी तोड़ने का निर्णय लिया, तो आरोपित ने और भी फोटो व वीडियो पोस्ट कर परिवार को बदनाम करने की कोशिश की। थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *