युद्ध के बीच बॉलीवुड फिल्मों को हो रहा नुकसान, ‘किंग’ के बाद Akshay Kumar की मूवी का दुबई शेड्यूल कैंसिल

 पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष का असर अब बॉलीवुड पर भी पड़ने लगा है। बीते दिन ही यह खबर आई थी कि इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे वॉर की वजह से शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) की अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ (King) का दुबई शेड्यूल मेकर्स को रद्द करना पड़ा था।

शाहरुख खान की ‘किंग’ के बाद अब खबर है कि अक्षय कुमार (Akshay Kumar) स्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ (Welcome To The Jungle) की भी दुबई में होने वाली शूटिंग रद्द कर दी गई है। निर्देशक अहमद खान अपनी इस कॉमेडी फिल्म के एक गाने की शूटिंग के लिए पूरी टीम को दुबई ले जाने वाले थे, लेकिन युद्ध के हालातों को देखते हुए उन्हें अपना प्लान बदलना पड़ा। अब कहां तैयार किया जाएगा इस गाने का ग्रैंड सेट? नीचे पढ़ें पूरी डिटेल्स:

मुंबई में इन जगहों पर तैयार होगा सेट

अब निर्देशक ‘वेलकम टू द जंगल’ के इस गाने को मुंबई में ही नए तरीके से शूट करेंगे। इस गाने की शूटिंग को टालना इसलिए भी संभव नहीं था, क्योंकि इसमें सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, रवीना टंडन और परेश रावल जैसे कई बड़े कलाकार शामिल हैं। इन सभी की डेट्स दोबारा एक साथ मिलना काफी मुश्किल होता, इसलिए निर्देशक ने दूसरा विकल्प चुनना ही बेहतर समझा।

फिल्म के इस गाने को शूट करने के लिए मड आइलैंड, गोल्डन टोबैको स्टूडियो और गोरेगांव की फिल्म सिटी में भव्य सेट तैयार किए जाएंगे। प्रोडक्शन डिजाइनर शैलेश म्हाडिक के बनाए इन सेट्स पर नाइट क्लब, कसीनो और प्राइवेट जेट्स का नजारा दिखेगा।

इस कारण चुनी गई थी दुबई की लोकेशन

अहमद खान और निर्माता फिरोज नाडियाडवाला ने ‘वेलकम टू द जंगल’ के इस गाने को एक ग्लैमरस ट्रैक के रूप में सोचा है, जो अमीरों की लग्जरी जिंदगी को दिखाएगा। यही कारण था कि दुबई को इस शूट के लिए एकदम सही लोकेशन माना गया था। यूनिट ने करीब एक महीने तक हालात सुधरने का इंतजार किया, लेकिन जब ऐसा नहीं हुआ, तो लोकेशन बदलने का फैसला लेना पड़ा।

‘वेलकम टू द जंगल’ की रिलीज डेट की बात करें तो, अक्षय कुमार की इस मूवी को साल 2024 और फिर 2025 में रिलीज करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन फिल्म किसी न किसी कारण से लटकती गई। रिपोर्ट्स की मानें तो अब मेकर्स ‘वेलकम टू द जंगल’ को 26 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *