रोड़ी-बजरी के ढेर में दफन हो गई प्रियांशु की जिंदगी; गुरुग्राम में ड्राइवर की लापरवाही ने ली मासूम की जान
बजघेड़ा थाना क्षेत्र के सेक्टर 113 में शुक्रवार रात रोड़ी बजरी खाली करने गए ट्रक चालक ने लापरवाही से ट्रक का पिछला हिस्सा उठा दिया।
पीछे डाला खोलने गए नाबालिग हेल्पर की उसी समय रोड़ी-बजरी में दबने से मौत हो गई। किशोर के पिता की शिकायत पर थाना पुलिस ने आरोपित चालक के खिलाफ लापरवाही की धाराओं में केस दर्ज किया है।
मृत किशोर की पहचान बरेली के आकलाबाद गांव निवासी 16 वर्षीय प्रियांशु मौर्य के रूप में की गई। प्रियांशु के पिता दुर्गा प्रसाद मौर्य ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि प्रियांशु अपनी मर्जी से ट्रक पर हेल्पर के रूप में काम कर रहा था।
ट्रक चालक कुछ दिन पहले ट्रक में रोड़ी बजरी लेकर गुरुग्राम आया था। यहां बजघेड़ा क्षेत्र के सेक्टर 113 में एक गोदाम के पास उसे रोड़ी-बजरी उतारनी थी।
पहले रोड़ी के नीचे फंसा पैर फिर प्रियांशु हो गया दफन!
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब सवा 12 बजे प्रियांशु ट्रक का डाला खोलने के लिए पीछे पहुंचा तो डाले के पास मौजूद काफी बजरी नीचे गिर गई, जिससे उसके पैर दब गए। उसने चालक को आवाज लगाई, लेकिन उसने नहीं सुनी और तेजी से प्रेशर के सहारे ट्रक का पिछला हिस्सा उठा दिया।
प्रियांशु रोड़ी-बजरी के अंदर पूरी तरह दब गया। आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से उसे बाहर निकाला और अस्पताल भेजा।
डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। बजघेड़ा थाना पुलिस आरोपित चालक की तलाश कर रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

