जिला समेत आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार और बुधवार को हुई वर्षा ने गर्मी से राहत दी है। मौसम सुहाना हो गया है और लोगों ने राहत की सांस ली है। राजधानी में रिमझिम फुहारों ने 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिरा दिया है।
वहीं मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में भी कहा गया है कि 30 अप्रैल को राज्य के निकटवर्ती मध्य भाग रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद के साथ साथ उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह और साहिबगंज में कहीं कहीं मेघगर्जन के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के बहने आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है, इसे लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पूरे राज्य में यह स्थिति 5 मई तक बनी रहेगी और शेष दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आमजनों से बिजली गिरने को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही, लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की अपील की गई है। विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है।
ऐसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। हालांकि, कहीं कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा भी हुई। सर्वाधिक वर्षापात रांची के कांके में 12.2 मिमी रिकार्ड किया गया। वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस सरायकेला का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस गुमला का रिकार्ड किया गया।
वहीं राजधानी रांची का अधिकतम 38.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने कहा कि राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और राज्य के अधिकांश हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है।
बताया कि राज्य में अगले तीन दिनों तक यानी 30 अप्रैल, 1 और 2 मई को अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों तक यानी 3 और 4 मई को अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। जिससे गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
ऐसा रहेगा राजधानी का मौसम
- 30 अप्रैल: अधिकतम 38 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 24 डिग्री
- 1 मई: अधिकतम 36 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 24 डिग्री
- 2 मई: अधिकतम 36 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 24 डिग्री
- 3 मई: अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 23 डिग्री


