भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने दावा किया कि पार्टी असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर हैट-ट्रिक मारेगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार केवल देश के लोगों के लिए काम करती है, न कि घुसपैठियों के लिए।
नबीन ने पूर्व कांग्रेस सरकारों पर आरोप लगाया कि वे असम के विकास के बजाय वोट-बैंक की राजनीति में लिप्त थीं और कहा कि उस ”काले अध्याय” को याद करने की आवश्यकता है।
नबीन ने रविवार को मार्गेरिटा के उम्मीदवार और वर्तमान भाजपा विधायक भास्कर शर्मा के समर्थन में एक चुनावी रैली में कहा, ”भाजपा विधानसभा चुनावों के बाद हैट-ट्रिक बनाने जा रही है। हमने पहले सरबानंद सोनोवाल के नेतृत्व में सरकार बनाई, उसके बाद हिमंत बिस्व सरमा का कार्यकाल आया। इस बार हम सरमा के नेतृत्व में अपनी तीसरी सरकार बनाएंगे।”
हम घुसपैठियों के लिए सरकारें नहीं बनाते- नितिन नबीन
नबीन ने कहा, ”हम घुसपैठियों के लिए सरकारें नहीं बनाते। केवल असम व देश के लोग राज्य में सभी अधिकार रखते हैं, अवैध प्रवासियों के लिए नहीं। हमारी सरकार असम की माताओं और बहनों की रक्षा करेगी और घुसपैठियों के साथ कभी समझौता नहीं करेगी।”
भाजपा सरकार ने देश की सुरक्षा के लिए कदम उठाए- नितिन नबीन
नबीन ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश की सुरक्षा, असम की पहचान और प्रणाली से भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए साहसिक कदम उठाए हैं। पश्चिम एशिया में युद्ध की स्थिति पर नबीन ने आरोप लगाया कि कुछ लोग अफवाहें फैला रहे हैं कि आवश्यक वस्तुएं आने वाले दिनों में उपलब्ध नहीं होंगी। आप आश्वस्त रहें कि नरेन्द्र मोदी सरकार वैश्विक अस्थिरता के बावजूद देश को सामान्य वातावरण में आगे बढ़ाएगी।


