मणिपुर में प्रतिबंधित संगठन के चार सदस्य मारे गए, दो उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर के कामजोंग जिले में एक प्रतिबंधित संगठन के चार सदस्यों की प्रतिद्वंद्वी गुट के सदस्यों ने गोली मारकर हत्या कर दी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार रात नौ बजे होंगबेई गांव में हुई। पुलिस ने रविवार सुबह घटनास्थल पर जांच कर एनएससीएन ईस्टर्न फ्लैंक के चार सदस्यों के शव बरामद किए।

एनएससीएन ईस्टर्न द्वारा जारी बयान के अनुसार, प्रतिद्वंद्वी समूह के सदस्यों ने छह कार्यकर्ताओं को ले जा रही गाड़ी को रोककर उन पर गोलियां बरसाईं। चार सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य जान बचाने में सफल रहे।

इस बीच एएनआई के अनुसार, मणिपुर में प्रतिबंधित संगठन पीएलए और यूपीपीए के उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। मणिपुर पुलिस के अनुसार सुरक्षा बलों ने वसूली करने वाले पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी आफ कांगलेइपाक (यूपीपीके) के एक-एक कैडर को शनिवार को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार किए गए पीएलए कैडर की पहचान थोकचोम खेलजीत मैतेयी उर्फ कैनी के रूप में हुई है। उसके पास से मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। यूपीपीके कैडर की पहचान इंफाल पूर्वी जिले के खारीबाम बोयनाओ मैतेयी के रूप में हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *