नारनौल में दो भाईयों पर सर्जिकल ब्लेड से हमला, पेट्रोल पंप पर विवाद के बाद युवक ने गले और चेहरे पर किए वार

 अटेली थाना क्षेत्र के गांव सिलारपुर में पेट्रोल पंप पर हुए विवाद के बाद एक युवक द्वारा दो भाईयों पर सर्जिकल ब्लेड से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले सीएचसी अटेली और बाद में नारनौल के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव सिलारपुर निवासी जितेंद्र ने बताया कि बीती रात ( शनिवार) करीब 10 बजे उसका भाई सोनूपाल अपनी मोटरसाइकिल में तेल डलवाने के लिए गांव के मूर्ति देवी फिलिंग स्टेशन पर गया था। इसी दौरान गांव का सचिन पुत्र बस्तीराम वहां पहुंचा और उसके भाई के साथ गाली-गलौच करने लगा।

विरोध करने पर सचिन ने डंडे से सोनूपाल के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपित ने सर्जिकल ब्लेड से सोनूपाल के सिर, चेहरे और गर्दन पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सोनूपाल को करीब 25 से 30 टांके लगे। घायल ने फोन कर अपने भाई जितेंद्र को घटना की सूचना दी।

पीछे से आकर दूसरे भाई पर भी हमला

जितेंद्र अपने चाचा सुबेसिंह के साथ मौके पर पहुंचा और भाई को संभालने लगा। आरोप है कि तभी सचिन पीछे से आया और उसने जितेंद्र के सिर और हाथ पर भी ब्लेड से वार कर दिए, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपित जाते समय दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।

हायर सेंटर किया रेफर

सूचना मिलने पर डायल-112 और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सीएचसी अटेली में भर्ती कराया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिविल अस्पताल नारनौल रेफर कर दिया गया। नारनौल में हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जिसके बाद परिजन दोनों को निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *