नारनौल के यात्रियों के लिए गुड न्यूज! जयपुर-भिवानी एक्सप्रेस और दिल्ली-रींगस डेमू ट्रेन अब नियमित

 रेलवे ने जयपुर-भिवानी-जयपुर एक्सप्रेस और दिल्ली-रेवाड़ी-रींगस डेमू ट्रेन को नियमित करने का निर्णय लिया है। इससे नारनौल व आसपास के क्षेत्रों के हजारों दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

साथ ही दिल्ली के लिए एक और सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी। दैनिक रेल यात्री संघ नारनौल के अनुसार ट्रेन संख्या 09733/09734 जयपुर-भिवानी-जयपुर एक्सप्रेस को अब नियमित कर दिया गया है।

यह ट्रेन जयपुर से भिवानी के लिए नियमित ट्रेन संख्या 59709 तथा वापसी में भिवानी से जयपुर के लिए 59710 नंबर के साथ संचालित होगी।

इसी प्रकार ट्रेन संख्या 09633/09634 रेवाड़ी-रींगस डेमू को भी नियमित कर दिया गया है। पहले यह ट्रेन दिल्ली से रेवाड़ी 74001 तथा रेवाड़ी से दिल्ली 74004 नंबर के साथ संचालित होती थी। अब इसका विस्तार रींगस तक कर दिया गया है।

इसके तहत यह ट्रेन दिल्ली से रींगस के लिए 74041 तथा वापसी में रींगस से दिल्ली के लिए 74042 नंबर के साथ नियमित रूप से चलेगी। दैनिक रेल यात्री संघ के प्रधान गणेश शर्मा ने बताया कि इन दोनों ट्रेनों को नियमित करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी।

कई बार दिया ज्ञापन

इसके लिए रेलवे प्रशासन को कई बार ज्ञापन देकर यात्रियों की समस्याओं से अवगत कराया गया था। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि इन ट्रेनों के नियमित संचालन से इस रूट पर यात्रा करने वाले विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को काफी सुविधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *