रसोई गैस की किल्लत से जूझ रहे उपभोक्ताओं के सामने अब पेट्रोल व डीजल का संकट खड़ा हो गया है। आयल कपंनियों ने क्रेडिट पर तेल बंद कर दिया है, जिसके चलते जिले के कई पेट्रोल पंप ड्राई हो चुके हैं। सू
चना चस्पा कर दी गई है कि पेट्रोल और डीजल नहीं है। इसके चलते जो अन्य पेट्रोल पंप हैं, वहां लंबी लाइन लग रही है और विवाद की स्थिति भी सामने आ रही है। लोगों को गैस सिलेंडर व पेट्रोल के लिए सुबह से ही लाइन में लगना पड़ रहा है।
कुछ पेट्रोल पंप गुरुवार को भी बंद रहे। जो खुले, उन पर सुबह से ही लाइनें लगी रहीं। लोग घंटों लाइन में लगे रहे तब जाकर उन्हें पेट्रोल-डीजल मिला। वहीं कुछ पंपो पर नोक-झोंक भी होती रही। हालांकि प्रशासन का दावा है कि जिले में संचालित 183 पंपों में से महज तीन ही बंद हैं।
180 को पूर्व की भांति डीजल पेट्रोल की आपूर्ति की जा रही है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की टीम क्षेत्र में निकली और पुलिस फोर्स की मौजूदगी में पेट्रोल-डीजल का वितरण कराया। एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान व सदर एसडीएम शत्रुध्न पाठक सदर तहसील क्षेत्र सहित भानपुर में भी गहन निरीक्षण किया।
दरअसल, पश्चिम एशिया में जारी युद्ध को देखते हुए पिछले तीन दिनों से जिले में पेट्रोल व डीजल को लेकर हाय तौबा मची है। बाइक हो या कार चालक सभी पेट्रोल डीजल को लेकर आशंकित हैं। हर कोई अपने वाहनों की टंकी फुल कराना चाहता है। लोगों को लग रहा है कि युद्ध अभी लंबा चलेगा ऐसे में उन्हें आशंका है कि कहीं ऐसा न हो जाए कि पेट्रोल-डीजल न मिले।
यही कारण है कि पंपों पर इसके लिए मारा मारी मची है। इमरजेंसी सेवाओं के वाहनों के लिए भी समस्या खड़ी हो गई है। पंपों पर इनके लिए कोई विशेष नियम नहीं बनाया गया है। ऐसे में इन्हें भी लाइन में लगकर तेल भराना पड़ रहा है। गेहूं की कटाई, मड़ाई का समय शुरू हो गया है। ऐसे में किसान को भी डीजल की जरूरत पड़ रही है।
उसे भी गैलन लेकर पंप पर घंटाे लाइन में लगना पड़ रहा है। कुछ पंपाे ने अपने वहां पेट्रोल की लिमिट तय कर दी है। बाइक-स्कूटी वालों को 200 रुपये जबकि चार पहिया वालों को 500 रुपये का पेट्रोल ही एक बार में दिया जा रहा है।इतना ही नहीं मनमाने तरीके से पंपों को खोला व बंद किया जा रहा है।
मुंडेरवा क्षेत्र में डीजल और पेट्रोल की कमी के अफवाह ने क्षेत्र में अचानक अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। सुबह से ही मुंडेरवा में स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के हरिओम फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल-डीजल भराने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं इंडियन आयल का अंजली फीलिंग स्टेशन ड्राई रहा।
स्थिति यह रही कि दो पहिया और चार पहिया वाहनों के साथ-साथ ट्रैक्टर और जेसीबी जैसी बड़ी गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। पंप परिसर और आसपास भीड़ लगी रही।वही क्षेत्र में वाहन भी कम चले।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए थानाध्यक्ष मुंडेरवा प्रदीप कुमार सिंह टीम के साथ डीजल पेट्रोल वितरण कराते दिखाई दिए।पुलिस ने पंप मालिकों के साथ मिलकर लाइन व्यवस्थित कराई और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
पेट्रोल-डीजल को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच बनकटी के पंखोवारी स्थित इंडियन आयल के पेट्रोल पंप पर पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। पंप दो दिन से बंद पड़ा है। पहले से ही ईंधन की समस्या झेल रहे लोगों को पेट्रोल पंप के लगातार दो दिन से बंद रहने के कारण परेशानी हो रही है।
कोई बिना हेलमेट तो कोई बोतल में ले रहा था पेट्रोल
संसू, सल्टौआ, बस्ती: नियमों की अनदेखी कर पेट्रोलियम पदार्थों की बिक्री की जा रही है। गैस एजेंसियों के बाद पेट्रोल पंपों पर भीड़ देखने को मिल रही है। दिन में करीब 11 बजे अवध फिलिंग स्टेशन भुजैनिया पेट्रोल पंप पर पेट्रोल व डीजल के लिए लंबी कतारें दिखीं।


