प्रयागराज के यमुनापार के मांडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बड़ी दुर्घटना हो गई। एक ही गांव के सात बच्चे गंगा नहाने गए थे। गहरे पानी में नहाने के दौरान सभी डूब गए।
आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान बने मसीहा
घाट पर मौजूद लोगों के साथ ही आसपास के खेतों में सब्जी की खेती में जुटे किसानों ने तीन को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि दो डूबे बच्चों को भी निकाला। हालांकि इनमें से दो की मौत हो गई। दो बच्चे अभी भी लापता हैं।
बचाव कार्य में ग्रामीणों का रहा सहयोग
सूचना पाकर गांव के लोगों के साथ ही मांडा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई है और रेस्क्यू आपरेशन शुरू हो चुका है। एसडीआरएफ को भी सूचना दे दी गई है। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
मांडा के बामपुर गांव के थे सभी डूबने वाले
बताया जाता है कि मांडा थाना क्षेत्र के बामपुर गांव के सात बच्चे शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे गांव के पास स्थित गंगा घाट पर नहाने के लिए गए थे। नहाने के दौरान गहरे पानी में जाकर कुछ बच्चे डूबने लगे तो बचाने के प्रयास में सभी सातों डूब गए।
पुलिस के सर्च आपरेशन में दो शव मिले
थोड़ी ही देर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस और गोताखोर की टीम मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चलाया तो दो लड़कों का शव मिला, जिसे देख परिवार वाले बिलख पड़े। 12 वर्षीय कुनाल पुत्र अनिल और 10 वर्षीय ऋषभ पुत्र कमलेश की मौत की पुष्टि हो गई है।
ये तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
बताया जाता है कि 13 वर्षीय मोहित पुत्र दिग्विजय, 16 वर्षीय दिव्यांशु पुत्र कमलेश, नौ वर्षीय अमन पुत्र कृष्ण कुमार को गंगा नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
ये किशोर और बालक हैं लापता
10 वर्षीय निहाल पुत्र अनिल और 17 वर्षीय दीपक पुत्र राजाराम लापता हैं। मंडा पुलिस, फायर ब्रिगेड कर्मी और गोताखोरों के साथ ही ग्रामीण तलाश कर रहे हैं। गंगा नदी में जाल भी डालकर उनकी तलाश की जा रही है।
डीसीपी यमुनानगर बोले- दो की हो रही तलाश
डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि गंगा नदी में डूबने से दो की मौत हुई है। दो की तलाश की जा रही है।


