हरियाणा बोर्ड परीक्षा में गुरुजी ही करा रहे नकल, कैसे रुके खेल; ड्यूटी से हटाए गए 64 शिक्षक

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में जिनके जिम्मे नकल रोकने की जिम्मेदारी थी, वे ही नकल कराने में संलिप्त मिले हैं। इस बार परीक्षा केंद्रों के बाहर से कम, अंदर ज्यादा नकल चली। यही कारण रहा कि अब तक 64 शिक्षकों व अन्य स्टाफ सदस्यों पर कार्रवाई हुई और इन्हें ड्यूटी से हटाया गया।

इतना ही नहीं, कुछ के खिलाफ तो एफआईआर भी दर्ज करवाई गई। अत्यधिक नकल और पेपर आउट होने के कारण पांच केंद्रों पर तो परीक्षा रद्द तक करनी पड़ी। अब तक हुई परीक्षाओं में 334 नकलची पकडे़ जा चुके है।

वहीं बोर्ड प्रशासन अब दो अप्रैल से शुरू होने वाली उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कार्य की तैयारियों में जुट गया है। प्रदेशभर में 12वीं के लिए 52, 10वीं के लिए 75 व डीएलएड के लिए चार मार्किंग सेंटर बनाए गए है। बोर्ड प्रशासन की योजना है कि 15 मई तक 12वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया जाए। इसके बाद 10वीं कक्षा का परिणाम घोषित किया जाएगा।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं की परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू हुई थी और 10वीं की परीक्षाएं 26 फरवरी से शुरू हुई थी। 10वीं कक्षा की परीक्षाएं 20 मार्च को समाप्त हो चुकी हैं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं एक अप्रैल तक चलेंगी। इस बार शिक्षा बोर्ड ने नकल रोकने के लिए क्यूआर कोड, हिडन फीचर्स, फ्लाइंग स्क्वायड, पुलिस फोर्स के अलावा उत्तर पुस्तिकाओं पर भी क्यूआर कोड की व्यवस्था की। बावजूद इसके कुछ परीक्षाओं में कुछ केंद्रों पर नकल का खेल खूब चला।

हालांकि, बोर्ड ने अपना चाबूक चलाया और 64 शिक्षकों, कर्मचारियों को नकल कराने में संलिप्तता व अन्य कारणों से ड्यूटी से हटाया। नकल में संलिप्त रहे शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए लिखा गया है। कुछ के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई गई। लेकिन इस बार नकल का खेल बाहर से कम और अंदर से ज्यादा चला। जिसमें नकल रोकने के जिम्मेवार शिक्षक व अन्य ही शामिल मिले।

मार्किंग सेंटर पर कंट्रोल रूम की व्यवस्था

शिक्षा बोर्ड ने उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के लिए जिस विद्यालय में मार्किंग सेंटर बनाया है, वहां कंट्रोल रूम की व्यवस्था की है। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में उत्तरपुस्तिकाओं की जांच होगी। सभी जिला मुख्यालय व सब डिविजन लेवल पर मार्किंग सेंटर बनाए गए हैं। प्रदेशभर में 12वीं के लिए 52, 10वीं के लिए 75 व डीएलएड के लिए चार मार्किंग सेंटर बनाए हैं।

बोर्ड परीक्षाएं समापन के करीब हैं। अब दो अप्रैल से उत्तर पुस्तिकाओं की जांच का कार्य होगा। सबसे पहले आंसर सीट को सिक्रेसी कोड दिया जा रहा है। मार्किंग के लिए ड्यूटियां लग चुकी हैं। दो अप्रैल से उत्तर पुस्तिकाओं की मार्किंग का कार्य शुरू होगा। मई में परिणाम घोषित किया जाएगा। हमारा प्रयास रहेगा कि जल्द परिणाम घोषित हो। – डॉ. पवन कुमार शर्मा, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *