IPL 2026 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद को बड़ी खुशखबरी मिली है। SRH के नियमित कप्तान पैट कमिंस ने 19वें सीजन से पहले संकेत दिए हैं कि वह जल्द वापसी करने वाले हैं। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने पीठ की चोट से उबरने के बारे में जानकारी देते हुए बताया है कि उनका टारगेट आईपीएल 2026 के बीच में वापसी करना है। कमिंस की गैरमौजूदगी में सनराइजर्स हैदराबाद की कमान ईशान किशन को सौंपी गई है।
गेंदबाजी शुरू कर दी है
बिजनेस ऑफ स्पोर्ट पॉडकास्ट पर कमिंस ने साफ किया कि उन्होंने गेंदबाजी फिर से शुरू कर दी है। उन्होंने कहा, “मैं अभी भी पीठ की चोट से उबर रहा हूं, लेकिन सब ठीक है। मैं नेट में गेंदबाजी कर रहा हूं। आईपीएल जल्द ही शुरू होने वाला है। मैं इसकी शुरुआत में तो नहीं रहूंगा, लेकिन मुझे वापस मैदान पर खेलते हुए देखने में ज्यादा समय नहीं लगेगा।”
हर तीसरे दिन कर रहे बॉलिंग
कमिंस ने अपनी रिकवरी को लेकर सतर्क रुख अपनाते हुए बताया कि वह फिलहाल हर तीसरे दिन गेंदबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं गेंदबाजी पर वापस आ गया हूं। फिलहाल मैं लगभग हर तीसरे दिन गेंदबाजी कर रहा हूं। मैंने लीग के बीच तक फिट होने का प्लान बनाया है, इसलिए उम्मीद है कि अगर सब ठीक रहा तो मैं टूर्नामेंट के दूसरे हाफ के साथ-साथ फाइनल भी खेल पाऊंगा।” चोट के कारण कमिंस हाल ही में खत्म हुए टी20 विश्व कप 2026 को भी नहीं खेल पाए थे। एशेज सीरीज के दौरान वह सिर्फ एक टेस्ट मैच खेल पाए थे।
ईशान की तारीफ की
कमिंस ने झारखंड टीम में किशन की कप्तानी का जिक्र करते हुए कहा, “ईशान ने पिछले एक साल में अपनी स्थानीय टीम के साथ कप्तानी में काफी सफल प्रदर्शन किया है। हमारे पास अनुभवी लोकल बॉलर्स हैं। मैं निश्चित रूप से उन स्थानीय खिलाड़ियों पर भरोसा कर रहा हूं जो उन्हें अच्छी तरह जानते हैं ।” सनराइजर्स हैदराबाद ने आखिरी बार 2016 में आईपीएल जीता था। आईपीएल 2026 के पहले मैच में शनिवार को हैदराबाद का सामना रॉयल चैलेंजर्स से होगा।


