सिंगरौली। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री द्वारा मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सिंगरौली में जनसुनवाई आयोजित की गई, जिसमें जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं। जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक आवेदक से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया।
आवेदनों पर त्वरित एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जाए तथा आवेदकों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान महिला फरियादियों की शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया गया। महिला अधिकारियों द्वारा उनकी काउंसलिंग कराई गई तथा घरेलू विवाद और पारिवारिक मामलों में त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर उमेश प्रजापति, एसडीओपी चितरंगी राहुल सैयाम, थाना प्रभारी कोतवाली अशोक सिंह परिहार, थाना प्रभारी नवानगर अनिल पटेल, महिला थाना प्रभारी आराधना सिंह परिहार, उप निरीक्षक प्रियंका मिश्रा (थाना विंध्यनगर), उप निरीक्षक स्वतंत्र रावत सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सिंगरौली पुलिस ने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए इस प्रकार की जनसुनवाई नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेगी, ताकि लोगों को त्वरित न्याय और राहत मिल सके।


