उप्र मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) की टीम अगस्त में अप लाइन में आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से आगरा कालेज स्टेशन तक मेट्रो का परीक्षण करने जा रही है। यह निर्णय सोमवार को टीम के निरीक्षण के बाद लिया गया। शुरुआत में ट्रेन का संचालन पांच से 20 किमी प्रति घंटा तक होगा।
डाउन लाइन में मेट्रो का परीक्षण अगस्त के तीसरे सप्ताह से चालू होगा। वहीं अप्रैल के दूसरे सप्ताह से बिजलीघर चौराहा से आईएसबीटी स्टेशन तक डाउन लाइन में परीक्षण चालू होगा। 20 दिनों तक परीक्षण होने के बाद एक साथ अप और डाउन लाइन में मेट्रो चलेंगी। इसके बाद मेट्रो के संचालन की तिथि घोषित की जाएगी।
पहले अप और फिर डाउन लाइन शामिल, पांच से 20 किमी प्रति घंटा से चलेगी मेट्रो
शहर में 30 किलोमीटर लंबा मेट्रो ट्रैक बन रहा है। अब तक 12 किमी ट्रैक बन चुका है। बाकी 18 किमी पर कार्य चल रहा है। एक से डेढ़ साल में मेट्रो कार्य पूरा होगा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से कालिंदी विहार तक दूसरा कॉरिडोर 16 किमी लंबा होगा। इसे दो चरण में बनाया जा रहा है।
पहले चरण में कैंट स्टेशन से आगरा कॉलेज स्टेशन तक हिस्सा शामिल है। यह कार्य जुलाई तक पूरा होगा। अगस्त के पहले सप्ताह से अप लाइन में मेट्रो का परीक्षण चालू होगा।
अप्रैल के दूसरे सप्ताह में बिजलीघर चौराहा से आईएसबीटी तक डाउन लाइन में चालू होगा परीक्षण
सोमवार को यूपीएमआरसी की टीम ने निरीक्षण किया। अप लाइन के बाद डाउन लाइन में परीक्षण चालू होगा फिर दोनों लाइनों में एक साथ परीक्षण होगा। उधर, बिजलीघर चौराहा से आईएसबीटी तक डाउन लाइन का कार्य पूरा हो गया है। 600 मीटर हिस्से में लाइन बिछाने का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। यह कार्य 10 दिनों में पूरा हो जाएगा।
संयुक्त महाप्रबंधक जनसंपर्क पंचानन मिश्र ने बताया कि मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर आगरा कैंट से आगरा कॉलेज स्टेशन तक अप लाइन में मेट्रो का परीक्षण अगस्त से चालू होगा। यह ट्रैक एमजी रोड से होकर गुजर रहा है।
23वीं मेट्रो डिपो पहुंची
सोमवार सुबह 10 बजे गुजरात से 23वीं मेट्रो कमिश्नरी के पास स्थित मेट्रो डिपो पहुंची। क्रेन से मेट्रो को उतारा गया। जल्द ही डिपो में बने ट्रैक में मेट्रो का परीक्षण होगा। शुरुआत में इसे पांच किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाया जाएगा।


