नगर में अमरोहा अड्डे पर रविवार देर रात सड़क हादसे में दो युवकों के गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौके पर काफी देर हंगामा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार चालक को हिरासत में ले लिया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
होटल से खाना लेकर घर लौट रहे थे साजिद
नगर के मुहल्ला कोट पूर्वी कुम्हारान निवासी साजिद अली अपने साथी इंता अली के साथ अमरोहा अड्डा पर स्थित एक होटल से दाल मखनी लेकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान अमरोहा रोड से आई कार तथा गजरौला के दिशा से आ रही दूध की मैक्स पिकअप आपस में टकराने के बाद मैक्स पिकअप बाइक पर चढ़ गई। इस हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने किया हंगामा
हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे लोगों ने हंगामा किया। घायलों को मैक्स पिकअप के नीचे से निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया। उधर हादसे के बाद हंगामा होने की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मैक्स पिकअप और कार को कब्जे में ले लिया है। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई है।
प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोग घायल हुए हैं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।


