मधुबनी में बंद कमरे में फंदे से लटकी मिली विवाहिता, मायके पक्ष ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

 शहर के गदियानी मोहल्ले में सोमवार सुबह एक विवाहिता का शव बंद कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि मृतका के परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।

मृतका की पहचान सूरज कुमार की पत्नी सुष्मिता राज के रूप में हुई है, जो दरभंगा जिले के केवटी स्वास्थ्य केंद्र में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थीं।

सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई। अंदर सुष्मिता का शव साड़ी के फंदे से पंखे से लटका मिला। कमरे में बेड के पास एक कुर्सी गिरी हुई भी पाई गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। घटना के समय घर में सास-ससुर मौजूद नहीं थे, वे एक सप्ताह पहले इलाज के लिए दिल्ली गए हुए थे।

मायके पक्ष ने घटना को हत्या करार देते हुए पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के भाई के मुताबिक, रविवार को फोन पर संपर्क नहीं हो सका था और देर रात पति का व्यवहार संदिग्ध लगा।

सोमवार सुबह घटना की जानकारी दी गई। परिजनों ने यह भी कहा कि घर के दूसरे हिस्से का दरवाजा खुला था, जिससे शक और गहरा गया है।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।

नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला आत्महत्या और हत्या के बीच उलझा हुआ है, जिसकी हर पहलू से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *