क्षेत्र के गांव थड़ा लड़ोली स्थित मंदिर प्रांगण में क्षेत्र की सुख-समृद्धि और पशुधन की भलाई के लिए गांववासियों के सहयोग से बाबा सिद्ध चानों महाराज को समर्पित दहाजा कार्यक्रम शनिवार रात्रि हुआ। पूरी रात चले इस धार्मिक आयोजन में दुर्गु एंड पार्टी, रायपुर ने बाबा बौरा, बाबा सिद्ध चानों बली की भव्य झाकियां प्रस्तुत की।
इनमें हाथी की सवारी, पहाड़ी बाबा, गद्दियों का स्वांग, घोड़े की सवारी सहित बाबा सिद्ध चानों की कई मनमोहक झलकियां शामिल रहीं। बता दें कि जिला ऊना में प्रसिद्ध लोकनाट्य दहाजा अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। बाबा सिद्ध चानों महाराज की स्मृति में मनाए जाने वाले इस दहाजा उत्सव का शुभारंभ श्रीकृष्ण लीला से किया जाता है।
इसके पश्चात पूरी रात बाबा सिद्ध चानो महाराज की विभिन्न अद्भुत झांकियां निकाली जाती हैं और उनकी महिमा का गुणगान किया जाता है। मुख्य सेवादार हरी सिंह ने बताया कि दहाजा आयोजन के दौरान क्षेत्र की खुशहाली और सभी की भलाई के लिए अरदास की गई। बाबा सिद्ध चानो वली में आस्था रखने वाले श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेका। आयोजन में सहयोग करने वाले सेवादारों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया।


