लंबे समय से उठ रही मांग के बाद बिहार राज्य मानसिक स्वास्थ्य एवं सहबद्ध संस्थान (बिमहास) कोईलवर के लिए पटना से बस सेवा शुरू कर दी गई है। इससे बिहार के अलग अलग जिलों से राजधानी पटना पहुंच बिमहास कोईलवर में मानसिक रोगियों और उनके परिजनों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।
भाजपा के जिला उपाध्यक्ष व स्थानीय निवासी राकेश शर्मा द्वारा इसको लेकर तीन साल से लगातार प्रयास किया जा रहा था। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री तथा श्रम संसाधन मंत्री संजय सिंह टाइगर को पत्र लिखकर ईएसआईसी बिहटा तक चलने वाली बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की बस सेवा को बिमहास कोईलवर तक विस्तारित करने की मांग की थी।
हाल के दिनों में सूबे के श्रम संसाधन मंत्री को बस को कोईलवर तक विस्तारित करने की मांग की थी। बुधवार को उनकी पहल सफल रही और बस सेवा शुरू कर दी गई। बुधवार को बीएसआरटीसी की एयर कंडीशन इलेक्ट्रिक बस बिमहास कोईलवर पहुंची। यह बस पटना जंक्शन मल्टीहब से दानापुर और बिहटा होते हुए बिमहास परिसर तक संचालित होगी।
चालक करण कुमार ने बताया कि बस पटना मल्टीहब जीपीओ से चलेगी। जिसे लेकर बस के चालक ने बिमहास के निदेशक से मिले। बिमहास के निदेशक डॉ. जयेश रंजन ने बताया कि पटना और कोईलवर के बीच दो अलग-अलग समय पर बस सेवा बहाल की गई है।
सुबह 7 बजे पटना मल्टीहब से बस चलकर 9 बजे बिमहास पहुंचेगी, जबकि 9:05 बजे कोईलवर से चलकर 11 बजे पटना पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे पटना से बस चलकर शाम 4 बजे बिमहास पहुंचेगी तथा 4:05 बजे कोईलवर से चलकर शाम 6 बजे पटना पहुंचेगी।
नई बस सेवा शुरू होने से बिमहास आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को अब आवागमन में होने वाली परेशानी से काफी राहत मिलेगी।
पटना से चलने का समय
- सुबह- 7 बजे
- दोपहर-2 बजे
कोईलवर से चलने का समय
- सुबह- 9:05 बजे
- शाम- 4:05 बजे


