नशामुक्त गांव के लिए उत्तराखंड में महिलाओं की हुंकार, 15 किमी पैदल रैली निकाल किया जागरूक

 कपकोट के सोराग गांव में नशामुक्त गांव बनाने के उद्देश्य से महिलाओं ने जागरूकता रैली निकालकर शराब के विरुद्ध जोरदार हुंकार भरी। उन्होंने हाथ में तख्ती लेकर गांव से 15 किमी तक पैदल रैली निकाली।

शनिवार को सामाजिक कार्यकर्ता बलवंत सिंह दानू के मार्गदर्शन तथा महिला मंगल दल की अध्यक्षा मंजू दानू की अगुवाई में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रतिभाग किया। रैली से पूर्व सभी महिलाएं पंचायत घर में एकत्र हुईं। इसके बाद हाथों में पोस्टर तथा बैनर लेकर प्राथमिक विद्यालय से होते हुए उगियां तथा धुर तक लगभग15 किमी का पैदल मार्च किया गया।

इस दौरान महिलाओं ने शराब विरोधी नारे लगाते हुए लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। महिलाओं ने कहा कि नशा समाज को खोखला कर रहा है तथा इससे नई पीढ़ी पर भी गंभीर असर पड़ रहा है। उन्होंने लोगों से इस कुरीति से दूर रहने की अपील की।

इस दौरान महिलाओं ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति शराब बेचते, पीते या सार्वजनिक स्थानों पर गाली-गलौच व दुर्व्यवहार करते पाया गया तो उसके विरुद्ध सीधी कार्रवाई की जाएगी।

बताया कि इस संबंध में ग्राम पंचायत की खुली बैठक में सर्वसम्मति से नशामुक्ति का संकल्प पहले ही पारित किया जा चुका है। महिलाओं की इस पहल को गांव में नशामुक्त अभियान की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *