बंगाल फतह की तैयारी में भाजपा: पीएम मोदी की 10 बड़ी रैलियां और मेगा रोड शो, नितिन नवीन कोलकाता में डालेंगे डेरा

 बंगाल में सत्ता के शिखर तक पहुंचने के लिए भाजपा ने अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी बंगाल आ रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक राज्य की अधिकांश सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के बाद संगठनात्मक तैयारियों का जायजा लेने के लिए वह 24 से 26 मार्च के बीच बंगाल का दौरा कर सकते हैं।

संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण पर जोर

नवीन के इस दौरे का मुख्य उद्देश्य राज्य के पांचों संगठनात्मक क्षेत्रों (उत्तर बंगाल, राढ़ बंगाल, नवद्वीप, कोलकाता और हावड़ा-हुगली-मेदनीपुर) के नेतृत्व के साथ सीधी बैठक करना है। वे खुद जमीनी स्तर पर रिपोर्ट परखना चाहते हैं। हालांकि दौरे की सटीक तारीखों की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।

नितिन नवीन के दौरे के ठीक बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बंगाल में अपने चुनाव प्रचार का बिगुल फूंकेंगे। पीएम मोदी का कोलकाता में रोड शो भी करेंगे। जानकारी के अनुसार, पहले और दूसरे चरण के मतदान के बीच यानी 24 से 27 अप्रैल के दौरान कोलकाता में रोड शो हो सकता है।

जनसभाओं का मेगा प्लान

पिछले विधानसभा चुनाव में कोविड के कारण कई रैलियां रद करनी पड़ी थीं, लेकिन इस बार भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती।

योजना के अनुसार अगले डेढ़ महीने में प्रधानमंत्री राज्य में करीब 10 जनसभाएं कर सकते हैं। कोलकाता के अलावा सिलीगुड़ी, दुर्गापुर और आसनसोल जैसे शहरों में भी रोड शो की संभावना तलाशी जा रही है।

प्रधानमंत्री का आधिकारिक दौरा 30 मार्च या राम नवमी के बाद शुरू होने की उम्मीद है। भाजपा नेतृत्व को भरोसा है कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री अमित शाह की रैलियों से राज्य में सत्ता विरोधी लहर को निर्णायक मोड़ दिया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *