भोपाल में ‘इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन जलसा’ 26 को, ईरान सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि भी होंगे शामिल, देंगे एकता का संदेश

 राजधानी भोपाल में मुस्लिम समाज के भीतर आपसी सौहार्द और एकजुटता को मजबूत करने के उद्देश्य से 26 अप्रैल को ‘इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन जलसा’ आयोजित किया जाएगा। कोहेफिजा स्थित एमआईजी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में दोपहर 1:50 बजे से 3:00 बजे तक होने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न मसलकों के उलेमा एक साझा मंच पर नजर आएंगे।

विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे ईरान प्रतिनिधि

आयोजन का मुख्य मकसद समाज के भीतर मौजूद मतभेदों को समाप्त कर ‘सिर्फ उम्मत’ की सोच को आगे बढ़ाना है। इस खास मौके पर ईरान के सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि मौलाना डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे इत्तेहाद-ए-उम्मत (उम्मत की एकता) पर मार्गदर्शन देते हुए समाज को एकजुटता का संदेश देंगे। उनके साथ शहर के कई प्रमुख उलेमा-ए-किराम की मौजूदगी भी कार्यक्रम को अहम बनाएगी।

इमामबाड़ा में ताजियती कार्यक्रम

मुख्य जलसे के बाद शाम को फतेहगढ़ इमामबाड़ा में ताजियती कार्यक्रम (शोक सभा) आयोजित किया जाएगा। यह सभा ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर की स्मृति में रखी गई है। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम संक्षिप्त और सारगर्भित रहेगा, जिसमें मौलाना इलाही छोटा संबोधन देंगे और अनुवादक के माध्यम से उपस्थित लोगों से संवाद करेंगे।

जलसा-ए-शहादत में दिखा आक्रोश

वहीं, शुक्रवार रात ऐशबाग स्थित गरीब नवाज मस्जिद में हुए ‘जलसा-ए-शहादत’ के दौरान माहौल में तीखा आक्रोश भी देखने को मिला। कार्यक्रम में इजराइल और अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी हुई। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के पोस्टर जमीन पर रखकर विरोध जताया और वैश्विक मुद्दों पर अपनी नाराजगी दर्ज कराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *