गोपालगंज जिले में हल ही में एक मामला प्रकाश में आया है जहां एक दारोगा का शराब पीते और खरीदते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सख्त निर्देशों के बावजूद बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।, कानून को लागू करने की जिम्मेदारी संभालने वाले ही इसकी धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं।
वर्दी को शर्मसार वीडियो
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला गोपालगंज के फुलवरिया थाने से जुड़ा है, जहां पदस्थापित सब इंस्पेक्टर अवधेश प्रसाद का एक वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में दारोगा न केवल वर्दी की मर्यादा को ताक पर रखकर शराब पीते दिख रहे हैं, बल्कि वे शराब खरीदकर अपनी गाड़ी की डिक्की में रखते हुए भी नजर आ रहे हैं। बिहार जैसे राज्य में, जहां शराब की एक बूंद मिलना भी अपराध की श्रेणी में आता है, वहां एक पुलिस अधिकारी की ऐसी संलिप्तता ने विभाग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस विभाग में मचा हड़कंप
वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप का माहोल बन गया है। हालांकि, चर्चा यह भी है कि वीडियो कुछ समय पुराना हो सकता है, क्योंकि दारोगा ने हाफ जैकेट पहन रखी है, जो ठंड के मौसम की ओर इशारा करता है। लेकिन कानून की नजर में अपराध की प्रकृति नहीं बदलती। सोशल मीडिया पर लोग पुलिस प्रशासन की जमकर आलोचना कर रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं, तो शराबबंदी कैसे सफल होगी?
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ट पुलिस अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लिया है। हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने पुष्टि की है कि वायरल वीडियो की गहराई से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि वीडियो किस समय और कहां का है, इसकी पुष्टि की जा रही है। साथ ही, एफएसएल और अन्य तकनीकी माध्यमों से वीडियो की प्रामाणिकता की जांच कराई जाएगी।


