UP में 15 अप्रैल को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची, डुप्लीकेट डाटा का सत्यापन पूरा

पंचायत चुनाव की तैयारियों के तहत मतदाता सूची के वृहद पुनरीक्षण का कार्य पूरा कर लिया गया है। डुप्लीकेट डाटा के व्यापक सत्यापन के बाद अब 15 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। इस बार सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई है।

पुनरीक्षण के दौरान जिले के 12 विकासखंडों में बीएलओ के माध्यम से घर-घर सत्यापन कराया गया। इस प्रक्रिया में परिवर्धन, संशोधन और विलोपन से जुड़े प्रस्तावों को एसडीएम स्तर से अनुमोदित किया गया। जिले की 882 ग्राम पंचायतों, 1,238 बीएलओ और 867 बीएलओ कार्य क्षेत्रों में यह अभियान संचालित हुआ।

आंकड़ों के अनुसार, पुनरीक्षण के दौरान 3,09,955 नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए, जबकि 2,24,580 नाम विभिन्न कारणों से हटाए गए। इसके अतिरिक्त 1,78,947 परिवर्धन, 84,353 संशोधन और 53,987 विलोपन को स्वीकृति प्रदान की गई। ब्लाकवार स्थिति में रजमनगंज, फरेंदा, धानी, घुघली और नौतनवा में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि पनियरा ब्लॉक में मतदाताओं की संख्या में कमी भी सामने आई।

जिसके बाद अनंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई, जिसके बाद आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया जाना प्रस्तावित था। हालांकि, डुप्लीकेट डाटा के गहन सत्यापन के चलते अंतिम सूची के प्रकाशन की तिथि अब 15 अप्रैल निर्धारित की गई है।

डुप्लीकेट डाटा के सत्यापन में हटाए गए 58172 नाम
पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान डुप्लीकेट डाटा की पहचान पर विशेष ध्यान दिया गया। करीब 7,93,646 ऐसे नाम चिन्हित किए गए, जिनमें नाम या माता-पिता के नाम में समानता पाई गई थी। इसके बाद विशेष अभियान चलाकर इन सभी प्रविष्टियों का सत्यापन कराया गया। जांच में कुल 58,172 नाम डुप्लीकेट पाए गए, जिन्हें मतदाता सूची से हटाने की कार्रवाई की गई। इस कदम से मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *