सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत पिडरवाह चितरवई जंगल में मिले अज्ञात महिला के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी पति को किया गिरफ्तार।
मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 17.03.2026 को सूचना मिली कि पिडरवाह चितरवई जंगल में 6-7 दिन पुराना करीब 30 वर्षीय महिला का शव औंधे मुंह पड़ा हुआ है, जिसके सिर पर महरूम रंग का दुपट्टा ढका हुआ था। सूचना पर बरगवां पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। मौके से मिले झोले में कपड़े, मोबाइल का खाली डिब्बा और जिला अस्पताल बैढन की ओपीडी पर्ची के आधार पर मृतिका की पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई।
शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल बैढन में कराया गया, लेकिन शव के अधिक सड़-गल जाने के कारण एसजीएमएच रीवा रेफर किया गया। मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।
इस मामले की जांच के दौरान मृतिका के पति जहरूद्दीन अंसारी (32 वर्ष), निवासी चिनगी टोला ने करीब दो वर्ष पहले दूसरी शादी कर ली थी, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। मृतिका को घर से निकालकर बैढन के माजन मोड़ में किराये के कमरे में रखा गया था।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य, तकनीकी जांच और परिजनों व गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 146/2026 धारा 103(1), 238 (a) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि पत्नी के लगातार विवाद से परेशान होकर उसने 13.03.2026 को उसे मोटरसाइकिल से पिडरवाह जंगल ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी और मोबाइल को काचन डैम गदसा नहर में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना स्थल से नमकीन पैकेट, दुपट्टा और पानी की बोतल तथा उसके घर से मोबाइल और घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त किया। आरोपी को 21.03.2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया।


