रेलवे कर्मचारी XLRI जमशेदपुर में सीखेंगे मैनेजमेंट के गुर, 15 से 30 दिन की होगी ट्रेनिंग

 दक्षिण पूर्व रेलवे के कर्मचारियों को जल्द ही जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट (XLRI) में प्रशिक्षण मिलेगा। जोन के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा सोमवार, 23 मार्च को मल्टी डिसिप्लिनरी डिविजनल ट्रेनिंग सेंटर (MDTTC) के उद्घाटन के साथ XLRI के साथ एक MOU पर हस्ताक्षर भी करेंगे।

इस समझौते का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उपलब्ध उत्कृष्ट शैक्षणिक संसाधनों का लाभ उठाकर रेलवे के कार्यबल को अधिक पेशेवर और कुशल बनाने के लिए पहल करना है।

XLRI के साथ होने वाले इस MOU के तहत दक्षिण पूर्व रेलवे में कार्यरत रेल अधिकारियों व कर्मचारियों को लीडरशिप, टीम बिल्डिंग, तनाव प्रबंधन (स्ट्रेट मैनेजमेंट) जैसे विषयों पर प्रशिक्षण मिलेगा।

साथ ही रेल कर्मचारियों को आधुनिक प्रबंधन तकनीकों से अवगत कराया जाएगा ताकि वे कठिन परिस्थितियों में बेहतर निर्णय लेते हुए परिचालन दक्षता को बढ़ा सके।

इसके अलावा उन्हें व्यवहार कौशल के तहत यात्रियों के साथ संवाद और सेवा की गुणवत्ता में सुधार के लिए विशेष रूप से कस्टमर रिलेशन व व्यावहारिक कौशल के गुर भी सिखाए जाएंगे।

यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को XLRI से प्रमाणित प्रशिक्षण सर्टिफिकेट भी मिलेगा, जो उनके कैरियर के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।

रेलवे उठाएगी कोर्स का पूरा खर्च

इस MOU  के तहत जो रेल अधिकारी व कर्मचारी XLRI में कोर्स करेंगे, उसका पूरा खर्च दक्षिण पूर्व रेलवे उठाएगी। इसमें सॉफ्ट स्किल माड्यूल के लिए तीन से पांच दिन और व्यापक प्रबंधन कार्यक्रम (कैपासिटी बिल्डिंग) के लिए 15 दिन से एक माह का प्रशिक्षण मिलेगा।

हालांकि इन कोर्स के लिए कर्मचारियों को मल्टी डिसिप्लिनरी डिविजनल ट्रेनिंग सेंटर (MDTTC) में प्रशिक्षण मिल सकता है या तकनीकी सत्र के लिए उन्हें XLRI में भी बुलाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *