जिले में शनिवार को ईद हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। किसी तरह का व्यवधान या परेशानी नहीं हो इसके लिए प्रशासन की ओर से भी पूरी तैयारी की गई है। जिले में चार सौ अधिक मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है।
पूर्वी और पश्चिमी अनुमंडल के थाना क्षेत्रों में 215-215 मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। वहीं कंट्रोल रूम में एक दर्जन मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। इस संबंध में डीएम सुब्रत कुमार सेन और एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने संयुक्त आदेश जारी किया है।
इसमें ईद की नमाज अदा की जाने वाली जगह पर विशेष निगरानी रखने एवं सतर्कता बरतने को क हा गया है। साम्प्रदायिक, कट्टरपंथी तत्वों, असामाजिक तत्वों, अपराधियों तथा अफवाह फैलानेवाले तत्वों की गतिविधियों पर भी कड़ी निगरानी बरतने एवं उनके विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
अपात स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी
सार्वजनिक रूप से ईद की नमाज पढ़ी जाने वाली जगह पर सूचना प्रसारण के लिए ध्वनि विस्तारक यंत्र, नियंत्रण कक्ष, एंबुलेंस, चिकित्सा दल, अग्निशमन, एसडीआरएफ तथा पर्याप्त मात्रा में बल तथा दण्डाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। इंटरनेट मीडिया पर निगरानी को कहा गया है।
सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में नमाज अदा किए जाने वाले स्थानों पर विशेष निगरानी बरतेंगे। शान्ति व्यवस्था बनाये रखने तथा साम्प्रदायिक तनाव को रोकने के लिए जिले के सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर दंडाधिकारी /सूचना संग्रहण एवं समन्वय स्थापित करने के लिए पदाधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।


