मार्केट कैप के लिहाज से देश के सबसे बड़े बैंक, एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank Shares) के शेयरों में तेज गिरावट आ गई है और शुरुआती कारोबार में यह 8 फीसदी तक गिर गए। दरअसल, एचडीएफसी बैंक के शेयरों में यह मंदी बैंक के पार्ट-टाइम चेयरमैन और इंडिपेंडेंट डायरेक्टर अतानु चक्रवर्ती के इस्तीफे के बाद आई है।
एचडीएफसी बैंक ने एक बयान में कहा है कि इसके पार्ट-टाइम चेयरमैन और इंडिपेंडेंट डायरेक्टर अतानु चक्रवर्ती (Atanu Chakraborty) ने 18 मार्च को तत्काल प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
अतानु चक्रवर्ती के इस्तीफे से क्यों गिरे शेयर?
एचडीएफसी बैंक से आतनु चक्रवर्ती का इस्तीफा और उनके आरोप कॉरपोरेट गवर्नेंस के लिहाज से बेहद चिंताजनक हैं, इसलिए बैंक के शेयरों में तेज गिरावट देखने को मिल रही है। आतनु चक्रवर्ती ने कहा है कि वे पिछले दो सालों में बैंक के अंदर हुई कुछ घटनाओं और तौर-तरीकों से सहमत नहीं थे इसलिए उन्होंने पद छोड़ने का फैसला किया।
उन्होंने कहा कि “बैंक के अंदर कुछ ऐसी घटनाएँ और तौर-तरीके, जिन्हें मैंने पिछले दो सालों में देखा है, मेरे निजी मूल्यों और नैतिकता के अनुरूप नहीं हैं।” वे 2021 में बैंक के बोर्ड में शामिल हुए थे।


