अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव 2026 एडवेंचर और रोमांच से भरपूर होगा। इस बार सैलानियों एवं स्थानीय लोगों को हेलीकॉप्टर से शिमला की पहाड़ियों की सैर करने का मौका भी मिलेगा। चलौंठी हेलीपैड से यह ज्वाय राइड शुरू होगी और शिमला की सात पहाड़ियों की सैर के बाद यहीं पर राइड खत्म होगी। रिज मैदान से चलौंठी हेलीपैड तक जाने लिए सैलानियों एवं स्थानीय लोगों के लिए भी प्रशासन की ओर से व्यवस्था की जाएगी।
इसके लिए आनलाइन एवं आफलाइन दोनों तरह से सैलानी एवं स्थानीय लोग आवेदन कर सकेंगे। ज्वाय राइड का रेट हालांकि अभी तय नहीं हुआ है, जल्द ही रेट भी फाइनल किया जाएगा। इसके लिए पर्यटन विभाग के साथ जिला प्रशासन की बातचीत जारी है।
8 से 12 जून तक आयोजन
शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान जिला उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने कहा कि 8 जून से 12 जून तक शिमला समर फेस्टिवल का आयोजन होगा। स्कूली बच्चों के लिए हिंदी और अंग्रेजी में भाषण प्रतियोगिता होगी। इसके लिए 50 स्कूलों से एंट्री आ चुकी है। इस प्रतियोगिता के विजेताओं को 51 हजार प्रथम पुरस्कार ट्राफी, 31 हजार द्वितीय पुरस्कार और 21 हजार तृतीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
युवाओं के लिए प्रतियोगिताएं
युवाओं के लिए संजौली ग्राउंड में वालीबाल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता को एंटी चिट्टा फर्स्ट इंटर डिस्ट्रक्टि समर फेस्टिवल थीम दी गई है। इसमें विभिन्न जिलों की टीमें भाग लेगी। प्रतियोगिता के विजेता को एक लाख रुपए प्लस ट्राफी, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपए और तृतीय पुरस्कार 30 हजार रुपए प्रदान किया जाएगा। क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाली टीमों को 20-20 हजार रुपए की राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
शिमला के व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे सैलानी
शिमला ग्रीष्मोत्सव में शिमला स्वाद महोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें शिमला के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद महकेगा। रानी झांसी पार्क में शिमला स्वाद महोत्सव का आयोजन होगा। इनमें 6 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के स्टाल लगाए जाएंगे। इसके अलावा 6 स्टाल अन्य लोगों के लगाए जाएंगे। इसमें खाने की गुणवत्ता का पूरा ख्याल रखा जाएगा। कुफरी में होटल मैनेजमेंट संस्थान में इनके खाने की गुणवत्ता को देखा जाएगा। इसके बाद ही 12 स्टाल का आबंटन किया जाएगा। 12 स्टाल में से सर्वश्रेष्ठ स्टाल को 51 हजार रुपए का ईनाम दिया जाएगा। द्वितीय पुरस्कार 31 हजार और तृतीय पुरस्कार 21 हजार रुपये प्रदान किया जाएगा। वहीं इस बार फ्लावर शो का आयोजन भी दोबारा से किया जाएगा।
फैशन शो, हेल्दी बेबी शो और डॉग शो भी
शिमला समर फेस्टिवल में इस बार फेशन शो के अलावा डाग शो भी दोबारा से शुरू किया जाएगा। इसके विजेता को 25 हजार रुपए उपविजेता को 15 हजार और तीसरे स्थान पर आने वाले को 10 हजार रुपए प्रदान किया जाएगा। हेल्दी बेबी शो में सबसे स्वस्थ बच्चे के 25 हजार रुपए की एफडी करवाकर अभिभावकों को सौंपी जाएगी। दूसरे स्थान पर रहने वाले की 15 हजार और तीसरे स्थान पर आने वाले की 10 हजार की एफडी होगी। इसके अलावा एंटी चिट्टा पर लघु फिल्मे भी बनाकर लोग प्रशासन को भेज सकते है। सबसे बेहतरीन फिल्म बनाने वाले को एक लाख, दूसरे स्थान पर 50 हजार और तीसरे स्थान वाले को 30 हजार का ईनाम दिया जाएगा।
जल्द फाइनल होंगे कलाकर
डीसी शिमला अनुपम कश्यप ने बताया कि सांस्कृतिक संध्याओं के लिए जल्द कलाकारों के नाम फाइनल किए जाएंगे। इसी सप्ताह यह नाम फाइनल कर लिए जाएंगे। इसके अलावा तिब्बती छम नृत्य, उत्तराखंड का छोलिया नृत्य, हरियाणा का घूमर नृत्य राजस्थन का भवाई नृत्य और जम्मू और कश्मीर का गोजरी नृत्य भी होगा। रिज मैदान पर महानाटी भी आयाेजित होगी।


