बुलंदशहर में दारोगा पर हमले के मामले में छह के खिलाफ मुकदमा, महिलाओं से अभद्रता पर 37 पर केस
अरनिया थाना क्षेत्र के नयाबास गांव में शिकायत पर जांच करने गए उपनिरीक्षक के साथ मारपीट की गई। शिकायत पर पुलिस ने छह नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। साथ ही एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है।
अरनिया थाना में तैनात उपनिरीक्षक सोबरन सिंह ने तहरीर देते हुए बताया कि विगत 26 जनवरी को वह शांति व्यवस्था के चलते क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। एक तहरीर के संबंध में वह जांच करने के लिए पुलिस टीम के साथ नयाबास गांव आया।
जहां वह शिकायत करने वाली पीड़ित महिला से पूछताछ कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोग एकत्र होकर आ गए। जिन्होंने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। गाली देने से मना करने पर आरोपित उपनिरीक्षक के साथ मारपीट करने लगे और कुछ लोगों ने उनका गला भी दबाया। साथ ही जान से मारने की धमकी दी।
सीओ शोभित कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित भूपेंद्र, अंकित, पंकज समेत छह नामजद व अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही आरोपित भूपेंद्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
37 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मारपीट और महिलाओं से अभद्रता करने पर पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 37 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खुर्जा जंक्शन क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उनकी गांव के नाले के पास थोड़ी जमीन है। जिसमें जानवर बांधने का एक कमरा व बाड़ा 40 वर्षाें से बना हुआ है। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे गांव के काफी लोग वहां हाथों में लाठी-डंडे लेकर वहां आ गए। आरोप है कि उन्होंने घेर में बने बाड़े को ढहाकर तोड़ दिया।


