MP में हिंदू भाइयों से शादी रचाने वाली दो मुस्लिम बहनें पति संग पहुंचीं थाने, वीडियो शेयर कर दी थी धर्म परिवर्तन की जानकारी

 छतरपुर जिले के नौगांव में अंतरधार्मिक विवाह का एक मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा और तनाव का माहौल बन गया। मुस्लिम समाज की दो चचेरी बहनों ने करीब एक माह पहले हिंदू समाज के दो चचेरे भाइयों के साथ घर से भागकर विवाह कर लिया था, जिसके बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ था।

सोशल मीडिया पर दी थी जानकारी

शादी के बाद दोनों युवतियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर साफ किया था कि उन्होंने अपनी इच्छा से विवाह किया है और अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन किया है। वीडियो वायरल होते ही परिजन और समाज के लोगों में नाराजगी बढ़ गई थी।

इस घटनाक्रम के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने नौगांव थाने का घेराव कर युवतियों की तलाश और बयान दर्ज कराने की मांग की थी। युवतियों के सामने न आने से मामला पुलिस के स्तर पर लंबित बना हुआ था।

पति संग पहुंचीं थाने, दर्ज कराए बयान

सोमवार को घटनाक्रम में नया मोड़ आया, जब दोनों बहनें अपने-अपने पतियों के साथ स्वयं नौगांव थाने पहुंचीं। यहां पुलिस की मौजूदगी में उनके माता-पिता और समाज के प्रतिनिधियों के सामने उनके बयान दर्ज किए गए।

युवतियों ने स्पष्ट रूप से बताया कि उन्होंने आर्य समाज की रीति से विवाह किया है और यह फैसला उन्होंने पूरी सहमति से लिया है। उन्होंने किसी भी तरह के दबाव या जबरदस्ती से इन्कार किया।

 

सुरक्षा का आश्वासन

इस दौरान दोनों जोड़ों ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से संरक्षण की मांग की। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच की जा रही है और जरूरत के अनुसार सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *