मोगा में सीवरेज विवाद ने लिया हिंसक रूप; पिता-पुत्र पर हमला कर की फायरिंग, एक घायल

7.2kViews
1061 Shares

 मोगा के थाना समालसर क्षेत्र में सीवरेज से जुड़े विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पंचायती स्तर पर घरों के पानी की निकासी के लिए बनाए जा रहे गड्ढे को लेकर चल रही रंजिश के कारण कुछ लोगों ने पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान न केवल तेजधार हथियारों से मारपीट की गई, बल्कि फायरिंग भी की गई, जिससे पुत्र घायल हो गया।

पुलिस को दी शिकायत में समालसर निवासी हरविंदर सिंह ने बताया कि तीन अप्रैल की रात उसका पिता घर के सामने बने पशुओं के कमरे में गया हुआ था। इसी दौरान गांव के ही जसवीर सिंह उर्फ सीरा, जसप्रीत सिंह उर्फ पीता, सुखमंदर सिंह उर्फ मंदर और लवप्रीत सिंह उर्फ लभा वहां पहुंचे। आरोपितों ने उसके पिता पर लोहे की राड और किरपाण से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

पिता को बचाने आगे आया बेटा

हरविंदर सिंह ने बताया कि जब वह अपने पिता को बचाने के लिए मौके पर पहुंचा तो आरोपितों ने उस पर भी हमला किया। इसी दौरान एक आरोपित ने रिवाल्वर निकालकर उस पर फायरिंग कर दी, जिसकी गोली उसके दाएं पैर में लगी। गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा।

घटना के दौरान शोर मचने पर आसपास के लोग एकत्र होने लगे, जिसके बाद सभी आरोपित मौके से अपने हथियारों सहित फरार हो गए। घायल पिता-पुत्र को उनके रिश्तेदार सुखजिंदर सिंह, दविंदर सिंह और दविंदर कौर ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *