आजमगढ़ में पुल‍िस मुठभेड़ में ट्रैक्टर-पिकअप चोरी गैंग का शातिर बदमाश घायल, साथी गिरफ्तार

तरवां थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना तरवां पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-पिकअप चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मौके से पकड़ लिया गया।

पुलिस ने चोरी का ट्रैक्टर, पिकअप वाहन, तमंचा, कारतूस, छह बोरी अनाज और नकदी बरामद की है। दो मई को मौलानीपुर निवासी पूनम गिरी ने थाना तरवां में तहरीर देकर बताया था कि एक मई की रात उनके घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर चोरी हो गया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

रात में घेराबंदी, फिर हुई मुठभेड़
11मई की देर रात थाना तरवा पुलिस और एसओजी टीम बोंगरिया बाजार में संदिग्ध वाहन और अपराधियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी का ट्रैक्टर और पिकअप लेकर बदमाश कंचनपुर से बोगरिया मार्ग की ओर आ रहे हैं तथा उनके पास अवैध हथियार भी हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने बांसगांव तिराहे पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक पिकअप और उसके पीछे ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो पिकअप चालक भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया।

इसी दौरान ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भागने लगा और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की नियंत्रित फायरिंग में बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान विनोद उर्फ सिंटू निवासी मीरपुर थाना बहरियाबाद जनपद गाजीपुर के रूप में हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *