जम्मू-कश्मीर में मतदाता सूची संशोधन, 1.60 लाख नए वोटर्स जुड़े; कुल मतदाताओं की संख्या 87.42 लाख पहुंची

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में हाल ही में हुए वार्षिक मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के दौरान 1.60 लाख से अधिक नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए जबकि 67690 नाम सूची से हटाए गए और 2.29 लाख से अधिक प्रविष्टियों में सुधार किया गया।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार मतदाता सूची संशोधन में सबसे अधिक नाम हटाए जाने के मामले में जम्मू जिला शीर्ष पर रहा, जहां डुप्लीकेट और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम बड़ी संख्या में हटाए गए। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) कुछ राज्यों में किए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से अलग है। जिलेवार आंकड़ों के मुताबिक जम्मू जिले में 1189555 मतदाता हैं, जो केंद्र शासित प्रदेश में सबसे अधिक हैं।

इसके बाद श्रीनगर में 753222 और बारामुला जिले में 720500 मतदाता दर्ज किए गए हैं। नए मतदाताओं के पंजीकरण में श्रीनगर जिला सबसे आगे रहा जहां 30077 नए मतदाता जोड़े गए। इसके बाद जम्मू में 16855 और बारामुला में 11854 नए मतदाता जुड़े। वहीं नाम हटाने के मामलों में जम्मू में 10430, बडगाम में 7762 और अनंतनाग में 5241 नाम हटाए गए।

आंकड़ों के अनुसार पूरे जम्मू-कश्मीर में कुल 160974 नए नाम जोड़े गए वहीं 67690 नाम हटाए गए और 229920 प्रविष्टियों में सुधार किया गया। इनमें 10639 डुप्लीकेट वोटर और 34675 स्थानांतरित मतदाताओं के नाम भी हटाए गए। प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या अब 8742878 हो गई है, जिनमें 4465161 पुरुष, 4277568 महिलाएं और 149 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत मतदाता जागरूकता के लिए भारतीय चुनाव आयोग के सवीप कार्यक्रम के तहत विभिन्न अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए जागरूकता अभियान, स्कूलों और कालेजों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब, मतदान केंद्रों पर चुनाव पाठशालाएं तथा बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *