बल‍िया में मवेशियों को चारा खिला रहे युवक को पड़ोसी ने मारी गोली, पांच पर मुकदमा, चार गिरफ्तार

 क्षेत्र के गंगा उस पार भुआल छपरा-नौरंगा गांव में मंगलवार सुबह अपने मवेशियों को चारा खिला रहे 35 वर्षीय अशोक ठाकुर पर लक्ष्य करके पड़ोसी नारायण ठाकुर ने असलहे से गोली मार दी। गोली अशोक ठाकुर के कलाई में लगी जिससे वह लहूलूहान होकर जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उपचार के लिए घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया।

वहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया जहां उपचार जारी है। क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि तहरीर के आधार पर नारायण ठाकुर, गोविंद ठाकुर, कृष्णा ठाकुर, चंदन ठाकुर, अमर ठाकुर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पांच आरोपितों में से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों पक्षों के बीच फसल काटने को लेकर विवाद चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया में घटना संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। जांचोंपरांत इस संबंध में कार्रवाई की जाएगी। मौके पर क्षेत्राधिकारी बैरिया, प्रभारी निरीक्षक बैरिया आरपी सिंह सहित सर्किल के कई थानों की फोर्स पहुंच गई है।

घायल अशोक के भाई रविंद्र ठाकुर ने बैरिया थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि नारायण ठाकुर ने मेरे भाई को गोली मारी है, जबकि उसके छोटे भाई अमर ठाकुर ने मोबाइल फोन से अपने बड़े भाई को बताया कि अशोक ठाकुर कहां पर है। आरोप है कि घटना का षड्यंत्र रचने में कृष्णा ठाकुर, चंदन ठाकुर व घूरन ठाकुर शामिल है। मामले को गंभीरता से लेते हुए बैरिया पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध जान लेने की कोशिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *