UP में गांवों तक बस सेवा की तैयारी, 980 पंचायतों के लोगों को मिलेगी सहूलियत

 गंगा कटरी क्षेत्र समेत दूरस्थ गांवों तक परिवहन सुविधा पहुंचाने की दिशा में शासन स्तर पर पहल जारी हो गई है। मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत अब ऐसे गांवों को भी बस सेवा से जोड़ने की तैयारी है, जहां अब तक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा सीमित या न के बराबर थी।

जिले के अन्तर्गत चार तहसील,18 ब्लाक हैं ,इनके अन्तर्गत कुल 980 ग्राम पंचायतें है। योजना के लागू होने से गंगा कटरी क्षेत्र के गांवों के साथ-साथ अन्य ग्रामीण इलाकों के लोगों को न्याय पंचायत ,ब्लाक, तहसील और जिला मुख्यालय तक आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी।

अभी तक इन अधिकांश क्षेत्रों के ग्रामीणों को निजी वाहनों या महंगे साधनों का सहारा लेना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की अधिक खर्च होता था। परिवहन विभाग की ओर से इस योजना के तहत ग्रामीण मार्गों का सर्वे कराया जा रहा है।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे मार्गों की पहचान की जाए, जहां छोटी बसों का संचालन संभव हो सके। सर्वे रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर बस संचालन की अंतिम रूपरेखा तय होगी। बस सेवा शुरू होने से क्षेत्रीय लोगों के साथ ही नौकरी पेशा व स्कूली बच्चों को भी लाभ मिलेगा।

 

खासकर गंगा कटरी क्षेत्र के कई गांवों के छात्र-छात्राओं को स्कूल आने-जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। बस संचालन शुरू होने पर उन्हें नियमित परिवहन सुविधा मिल सकेगी। क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय का कहना है कि ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से बस सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।

जिन मार्गों पर बड़ी बसों का संचालन संभव नहीं होगा, वहां छोटी बसें चलाई जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक गांवों को परिवहन बसों से जोड़ा जा सके। मार्ग का सर्वे करके रिपोर्ट डिपो के अधिकारियों से मांगी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *