हिमाचल प्रदेश में पशु मित्र भर्ती के नियम बदले, 25 किलो बोरी उठाने के बजाय अब लगानी होगी लंबी दौड़

 हिमाचल प्रदेश में पशु मित्रों की भर्ती प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। पशुपालन विभाग ने भर्ती नियमों में संशोधन करते हुए अभ्यर्थियों के लिए 25 किलो की बोरी उठाकर दौड़ लगाने की शर्त को समाप्त कर दिया है। नए नियमों के अनुसार पुरुष अभ्यर्थियों को अब पांच किलोमीटर की दौड़ 30 मिनट में पूरी करनी होगी, जबकि महिला अभ्यर्थियों को 1500 मीटर की दौड़ 10 मिनट में पूरी करनी होगी।

पहले भर्ती प्रक्रिया के तहत 100 मीटर की दौड़ के दौरान अभ्यर्थियों को करीब 25 किलो वजन उठाकर दौड़ना पड़ता था।

500 पदों पर नए नियम अनुसार होगी भर्ती

पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. संजीव कुमार धीमान ने बताया कि राज्य में पशु मित्रों के लगभग 500 पदों को भरने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि जिन अभ्यर्थियों का ग्राउंड टेस्ट पहले ही हो चुका है, उन्हें दोबारा शारीरिक परीक्षण नहीं देना होगा और आगे की भर्ती प्रक्रिया नए नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी।

वायरल वीडियो के बाद उठे थे सवाल

उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में बदलाव का फैसला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। मंडी जिले के सरकाघाट में भर्ती के दौरान एक युवती बोरी उठाकर दौड़ते समय गिर गई थी, इसका वीडियो व खबरें खूब वायरल हुई थीं। जिसके बाद इस प्रक्रिया पर सवाल उठे थे। मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में आने के बाद नियमों की समीक्षा के निर्देश दिए गए थे।

चार घंटे ड्यूटी के मिलेंगे 5000 रुपये

इसके बाद विभाग ने संशोधित दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। चयनित पशु मित्रों को प्रतिदिन चार घंटे की ड्यूटी के लिए प्रति माह पांच हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *