शनिवार देर रात हैदराबाद के बाहरी इलाके में एक फार्महाउस पर कथित तौर पर ड्रग्स पकड़े जाने के बाद रविवार को कई जानी-मानी हस्तियों को हिरासत में लिया गया। इनमें आंध्र प्रदेश के टीडीपी सांसद पुट्टा महेश कुमार और बीआरएस के पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी भी शामिल थे।
अधिकारियों ने बताया कि सांसद और सात अन्य लोगों को कुछ घंटों बाद रिहा कर दिया गया। एलीट एक्शन ग्रुप फॉर ड्रग लॉ एनफोर्समेंट (EAGLE) के पुलिस अधीक्षक आर. गिरिधर के मुताबिक, ईगल और साइबराबाद पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस टीम (SOT) ने शनिवार रात मोइनाबाद के अजीजनगर में एक प्राइवेट पार्टी पर छापा मारा। जानकारी मिली थी कि पार्टी में नशीले पदार्थों का सेवन किया जा रहा था।
‘नशीले पदार्थों का सेवन करते मिले नेता और कारोबारी’
आर. गिरिधिर ने बताया, “ईगल टीम को वीकेंड पार्टी के दौरान कई राजनेता और कारोबारी कथित तौर पर नशीले पदार्थों का सेवन करते हुए मिले। पार्टी में 11 लोगों पर किए गए रैपिड ड्रग स्क्रीनिंग टेस्ट में छह लोग नशीले पदार्थों के सेवन के लिए पॉजिटिव पाए गए, जिनमें एक पूर्व विधायक और लोकसभा के एक मौजूदा सदस्य शामिल हैं।”
इन लोगों की आई पॉजिटिव रिपोर्ट
एक अधिकारी के अनुसार, जिन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उनमें पुट्टा महेश कुमार, पायलट रोहित रेड्डी, रोहित रेड्डी के भाई रितेश रेड्डी और दिल्ली के रियल एस्टेट कारोबारी नमित मिश्रा शामिल हैं।


