शहर के चिकित्सक डॉ. रवि केशरी से जमीन के नाम पर फर्जीवाड़ा कर 1.65 करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपितों ने फर्जी कागजात दिखाकर जमीन की रजिस्ट्री भी कर दी। बाद में मामला उजागर हुआ तो वह परेशान हो गए।
मामले में चिकित्सक ने काजीमोहम्मदपुर थाने में प्राथमिकी कराई है। इसमें चंदवारा समेत अन्य इलाकों के चार लोगों को नामजद आरोपित किया है।
काजीमोहम्मदपुर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि फर्जी तरीके से जमीन रजिस्ट्री कर एक करोड़ 65 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मामला दर्ज कर इसकी जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपितों ने चिकित्सक से अघोरिया बाजार प्रोफेसर कालोनी इलाके की एक जमीन का सौदा किया था। जमीन का फर्जी कागजात भी दिखाया गया। इसके लिए सौदा तय होने के बाद एक करोड़ 65 लाख रुपये चिकित्सक से लिए।
आरोप है कि आरोपितों ने उनसे फर्जी कागजात दिखाकर जमीन की रजिस्ट्री भी कर दी। बाद में पता चला कि उक्त जमीन गलत तरीके से रजिस्ट्री कर दी गई है। इसके बाद वह परेशान हो गए। फिर थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया।
पुलिस का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।


