हाथरस में अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर: पंकज धवरैया का निर्माण ध्वस्त, हरि आई हास्पिटल परिसर कब्जा मुक्त

 आगरा रोड स्थित हरि आई हास्पिटल परिसर में अवैध कब्जे पर शुक्रवार शाम बुलडोजर चलाया गया। प्रशासन ने टीन शेड और कच्ची दीवारों को ध्वस्त कर जमीन को कब्जा मुक्त कराया। यह कार्रवाई लेखपाल राघवेंद्र सिंह द्वारा दो दिन पहले दर्ज कराए गए मुकदमे के बाद की गई।

पंकज धवरैया पर आरोप, अवैध रूप से निर्मित टीन शेड और कच्ची दीवारों को बुलडोजर से हटाया

लेखपाल ने शिकायत की थी कि राष्ट्रीय स्वर्ण परिषद के अध्यक्ष पंकज धवरैया ने हरि आई हास्पिटल परिसर में अवैध रूप से कब्जा कर टीन शेड, गेट और एक कमरा बनाकर पशु बांध रखे हैं। पंकज धवरैया पिछले 28 दिनों से अपने निवास कंचन नगर के बाहर यूजीसी बिल और एससी-एसटी एक्ट के विरोध में धरने पर बैठे हैं। तहसीलदार सदर लक्ष्मी नारायण बाजपेई के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला और पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

टीम ने अवैध रूप से निर्मित टीन शेड और कच्ची दीवारों को बुलडोजर की मदद से हटा दिया। तहसीलदार सदर लक्ष्मी नारायण बाजपेई ने बताया कि इस स्थान पर कच्ची दीवारें और टीन शेड बनाकर अवैध कब्जा किया गया था, जिसे अब पूरी तरह से कब्जा मुक्त कर दिया गया।

पंकज पर आपराधिक इतिहास: 21 मामले दर्ज

एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि पंकज शर्मा उर्फ पंकज धवरैय्या का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उनके खिलाफ 21 मामले दर्ज हैं, जिनमें से कुछ प्रमुख मामले इस प्रकार हैं।

  • हत्या और मारपीट: पंकज शर्मा के खिलाफ हत्या, मारपीट, और धमकी देने के कई मामले दर्ज हैं।
  • उनके खिलाफ एससी- एसटी एक्ट के तहत भी मामले दर्ज हैं।
  • गुंडा एक्ट: पंकज शर्मा के खिलाफ यूपी गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
  • लूट और रंगदारी: उनके खिलाफ लूट और रंगदारी के भी मामले दर्ज हैं।
  • नकली दवा बेचने का मामला: पंकज शर्मा के खिलाफ नकली दवा बेचने का भी मामला दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *