अमृतसर पहुंचे संगीतकार ए. आर. रहमान, अटारी बॉर्डर पर गूंजेगे आज सुर, बीटिंग रिट्रीट में वीर जवानों से मिलेंगे

8.6kViews
1971 Shares

 अमृतसर के अटारी बॉर्डर पर रविवार की शाम एक ऐतिहासिक और भावनात्मक पल देखने को मिलेगा। अमृतसर स्थित जॉइंट चेक पोस्ट स्टेडियम में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम के दौरान विश्वप्रसिद्ध संगीतकार और ऑस्कर पुरस्कार विजेता ए. आर. रहमान पहली बार बीटिंग रिट्रीट समारोह में लाइव प्रस्तुति देंगे। जिसके लिए वह अमृतसर पहुंच गए हैं।

यह आयोजन देश के वीर जवानों को समर्पित होगा, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। “जय हो – ए ट्रिब्यूट टू द ब्रेवहार्ट्स” शीर्षक से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य देश के बहादुर सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना है।

कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति, एकता और राष्ट्र गौरव की भावना संगीत के माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी। ए. आर. रहमान के लोकप्रिय और प्रेरणादायक गीत इस समारोह को और अधिक यादगार बनाने वाले हैं।

आयोजकों के अनुसार यह केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के वीर सपूतों को समर्पित सम्मान समारोह है। संगीत और कला के माध्यम से जवानों के साहस, समर्पण और बलिदान को नमन किया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले दर्शकों को देशभक्ति से ओतप्रोत एक विशेष अनुभव मिलने की उम्मीद है।

 

विश्व प्रसिद्ध है अटारी बॉर्डर की रिट्रीट

अटारी बॉर्डर पहले से ही बीटिंग रिट्रीट समारोह के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। प्रतिदिन यहां बड़ी संख्या में लोग सीमा पर होने वाले आकर्षक आयोजन को देखने पहुंचते हैं। ऐसे में ए.आर. रहमान की प्रस्तुति इस ऐतिहासिक स्थल की महत्ता को और बढ़ाने वाली मानी जा रही है। अनुमान है कि आज हजारों दर्शक इस रिट्रीट को देखने पहुंच सकते हैं।

फिल्म जगत की हस्तियां होंगी शामिल

इस आयोजन में फिल्म जगत की कई प्रसिद्ध हस्तियां भी शामिल होंगी। चर्चित फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली, अभिनेता वेदांग रैना तथा प्रसिद्ध गायक मोहित चौहान, नीलांजना घोष, पूजा तिवारी और नरगिस अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इसके अलावा फिल्म निर्माण से जुड़े कई प्रतिनिधि और विशिष्ट अतिथि भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *