हापुड़ में पहले रास्ते पर और फिर घर में घुसकर जानलेवा हमला, छह लोग गंभीर रूप से घायल घायल

थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के भीमनगर गढ़ रोड में रास्ते में रोककर गाली-गलौज व मारपीट करने के बाद कुछ आरोपितों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से युवक पर जानलेवा हमला कर दिया।

हमले में युवक सहित उसके पिता, दो भाई और दो बहनें भी घायल हो गईं। मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

गाली-गलौज कर घर में घुसे

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में भीमनगर के हुकम सिंह ने बताया कि उसका पुत्र अरविंद चार मार्च को घर से मिठाई लेने के लिए जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में मोहल्ले के यश और लक्की ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज कर मारपीट करने लगे।

विवाद बढ़ता देख अरविंद वहां से वापस अपने घर लौट आया। आरोप है कि कुछ देर बाद यश, लक्की, हैप्पी, शेखर और शिवम लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए। गाली-गलौज करते हुए आरोपितों ने पुत्र पर हमला कर दिया।

बीच बचाव करने पर आरोपितों ने पीड़ित साथ-साथ उसके पुत्र अनुज, धर्मदत्त तथा पुत्री सोनम और नेहा के साथ भी मारपीट की। मारपीट में सभी घायल हो गए।

धमकी देकर हुए फरार

विवाद होता देखकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। जिन्हें देखकर आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।

बाद में पीड़ित थाने पहुंचा और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना हापुड़ देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांचों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *