वाराणसी के कछवांरोड़ में हाईवे पर अज्ञात वाहन ने ली गार्ड की जान, दर्शनार्थ‍ियों से भरा वाहन भी पलटा

 बिहड़ा गांव (कछवांरोड) स्थित हाईवे के ओवरब्रिज के पास शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अज्ञात वाहन ने सुरेश मौर्या (55) की जान ले ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दी।मृतक वाराणसी के महमूरगंज में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता रहा।

प्रयागराज जिले के सरायइनायत थानांतर्गत कतवारूपुर गांव निवासी सुरेश मौर्या बिहड़ा ओवरब्रिज के पास वाहन के इंतजार में खड़ा था कि प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहे अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया। सिर में चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जेब मे मिले मोबाइल के जरिए पहचान होने पर स्वजनों को सूचना दी गई। मृतक को दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। गार्ड के मौत की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। उधर, कछवांरोड़ के पास पिकअप के धक्के से सगड़ी लेकर जा रहे चित्रसेनपुर गांव निवासी सच्चिदानंद घायल हो गए।घायल को समीप के अंकित हास्पिटल में पहुंचाया गया।

एक अन्य हादसे में रूपापुर के पास हाईवे पर तड़के साढ़े चार बजे चालक को झपकी आने से दर्शनार्थियों से भरा मालवाहक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में बिहार प्रांत कैमूर जिले के ओबनेडीह गांव निवासी चालक राजकुमार, मझगावां (कैमूर) निवासी श्रीनिवास, गंगाजली देवी, बिरंगी देवी व दादर (कैमूर) निवासी रामसखा घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलो को मंडलीय अस्पताल भेजवाया।

बिहार से मैजिक पर सवार होकर दो दर्जन से अधिक दर्शनार्थी मथुरा गए थे। मथुरा से दर्शन-पूजन कर सभी वापस घर लौट रहे थे। क्रेन की मदद से मालवाहन को हटाया गया। हादसे में पांच अन्य दर्शनार्थी पिंकी, पुजारी, उषा, विक्की, सोहन भी चोटिल हो गए थे, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *