कुरुक्षेत्र में रोडवेज बस ने बाइक सवार को कुचला, दो बेटे के सिर से हटा पिता का साया
पिपली में दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे की सर्विस लेन में रोडवेज बस की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। जिस बस से हादसा हुआ वह झज्जर डिपो की बस थी और करनाल से चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। वहीं, हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक चंद्रभानपुरा निवासी 39 वर्षीय रिंकू लकड़ी का ठेकेदार था। उसके परिवार में पत्नी सोनिया और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा 13 वर्षीय आशु और छोटा बेटा 10 वर्षीय गनिश है। रिंकू बाइक पर अपने किसी निजी काम से पिपली आ रहा था। रिंकू देवीलाल पार्क पिपली के सामने जीटी रोड की सर्विस लेन पर पहुंचा, तो करनाल की तरफ से आ रही बस ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में रिंकू गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल रिंकू को एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर स्वजनों को सौंप दिया है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

