अंबेडकरनगर में किसान से विश्वासघात, हाथ पर चेक रखकर बनाया वीडियो, तीन बीघा जमीन का धोखे से बैनामा

 सयानों ने विश्वासघात कर बृद्ध किसान की तीन बीघा भूमि का बैनामा करा लिया और पैसा भी नही दिया। भीटी पुलिस ने डीआईजी के आदेश पर तीन नामजद व तीन अज्ञात समेत छह लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।

महरुआ के गांव जलालपुर सेहरा के सूर्यनरायन चौबे अनपढ़ व मंदबुद्धि किसान हैं। महरुआ के एक व भीटी के दो तथा तीन अज्ञात समेत छह लोगों ने पीड़ित को पैसों का लालच देकर 36 लाख रुपए प्रति बीघा के रेट से उससे एक बीघा का सौदा किया और विश्वासघात कर उसकी तीन बीघा भूमि का बैनामा दो माह पहले करा लिया।

रेट के अनुसार भूमि की कीमत एक करोड़ आठ लाख रुपए बनती है। भूमि के एवज में आरोपितों ने उसके इण्डियन ओवरसीज बैंक के खाते में आरटीजीएस के माध्यम से पांच लाख रुपया भेजा और 30 हजार रुपया नगद दिया। इसके बाद लोन जमा करने का झांसा देकर तीन लाख रुपया पीड़ित से ले लिया, लेकिन अभी तक लोन जमा हुआ न पैसा ही दिया गया।

आरोपितों ने दस्ताबेज में आठ लाख, पांच लाख, आठ लाख तथा चार लाख के चेक के माध्यम से पीड़ित को भुगतान दर्शाया गया। पीड़ित के मुताबिक उक्त सभी चेक फर्जी हैं। साथ ही उसका बैंक पासबुक भी ले लिया। आरोपितों ने फिल्मी इस्टाइल में हाथ पर एक चेक रख कर फोटो व वीडियो बनाकर उक्त चेक भी ले लिया।

असलियत की जानकारी होने पर पीड़ित ने एसपी से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नही हुई। आहत किसान डीआईजी के समक्ष पेश हुआ। डीआईजी ने भीटी पुलिस को कार्रवाई का आदेश दिया।

पुलिस ने आरोपितों महरुआ के मुकुन्दीपुर गांव के विकास सिंह, भीटी के खजुरी के अनुराग तथा बेला गांव के राजेश कुमार सिंह व तीन अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *