हिमाचल बोर्ड परीक्षा: सेंटर की लाइव स्ट्रीमिंग की योजना बनाता रहा विभाग, अंतिम समय में क्यों बदला प्लान?

 हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं मंगलवार से आरंभ हो गई हैं। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने पहले यह निर्णय लिया था कि बोर्ड परीक्षाओं की सीसीटीवी कैमरों की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी स्कूल में नकल नहीं हो रही है। इस योजना के तहत विभाग ने पूरी तैयारी की थी और निदेशालय स्तर पर अधिकारियों की टीमें भी बनाई गई थीं, जो परीक्षा की निगरानी करेंगी।

हालांकि, अंत समय में यह प्रक्रिया बदल गई। विभाग का तर्क है कि तकनीकी कारणों के चलते सीसीटीवी की लाइव मानीटरिंग संभव नहीं हो पाई।

इस संबंध में बोर्ड से भी संपर्क किया गया, जिसके जवाब में बताया गया कि बोर्ड के स्तर पर सीसीटीवी कैमरों से लाइव मानीटरिंग की जा रही है। इसके बावजूद, बोर्ड ने इसकी फोटो और पूरा डाटा विभाग के साथ साझा किया। पहले दिन 10वीं कक्षा का अंग्रेजी और 12वीं कक्षा का संस्कृत विषय की परीक्षा आयोजित की गई।

…फिर ऐसे हुई निगरानी

शिक्षा विभाग ने अपनी योजना में बदलाव करते हुए उपनिदेशकों और निदेशालय के अधिकारियों को स्कूलों में भेजने का निर्णय लिया। निदेशक स्कूल शिक्षा, आशीष कोहली ने बताया कि उपनिदेशकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्कूलों में जाकर व्यवस्थाओं की जांच करें और यह सुनिश्चित करें कि कहीं नकल न हो रही हो। इसके अलावा, विभाग की उड़नदस्ते की टीमें भी परीक्षा केंद्रों पर जा रही हैं, जबकि बोर्ड की टीमें नियमित निगरानी कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *