एमपी: खंडवा में धर्मगुरु पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर बवाल, प्रदर्शनकारियों ने युवती को पीटा; थाने का घेराव

मध्य प्रदेश के खंडवा में मोघट रोड थाने को घेर कर मुस्लिम समाज के युवकों ने जमकर हंगामा किया। ये विवाद एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुआ। मुस्लिम समाज के युवकों ने पुलिस थाने पर धरना दिया।

पुलिस थाने के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ ने शिकायत दर्ज करने के बाद भी प्रदर्शन जारी रखा। इस भीड़ में एक युवती के साथ बदसलूकी भी हुई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज भी किया।

खंडवा में आधी रात मचा बवाल

धर्मगुरु के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर सैकड़ों युवाओं की भीड़ ने मोघट थाने के सामने धरना दिया और पोस्ट शेयर करने वालों के खिलाफ तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस के शिकायत दर्ज करने के बाद भी भीड़ शांत नहीं हुई।

भीड़ में शामिल लोग पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करती हुई थाने के अंदर घुस गए। इसके बाद पुलिस अधिकारियों से बहस शुरू हो गई। भीड़ ने थाने पर पथराव भी शुरू कर दिया।

थाने से खदेड़ने के दौरान हुड़दंगियों ने वाहनों को क्षति पहुंचाने के साथ ही वहां रास्ते से गुजर रही युवती के साथ भी मारपीट की। अधिकारियों ने फोर्स के साथ पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

युवती ने दर्ज कराई शिकायत

प्रदर्शनकारियों ने स्कूटी से परिवार के साथ नवचंडी मेले में जा रही युवती से बदसलूकी और मारपीट की। युवती ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। पुलिस ने युवती की शिकायत दर्ज कर उसे एमएलसी के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

खंडवा में मचे बवाल के बाद मोघट थाना सहित इमलीपुरा व आसपास के क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *