स्वार खुर्द गांव में बकरी चुराकर भाग रहे तीन लोगों की क्रेटा कार हड़बड़ी में खाई में जा गिरी। उनका पीछा कर रहे ग्रामीणों ने कार सवार एक व्यक्ति को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की, जबकि उसके दो साथी भागने में सफल रहे। पुलिस ने आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
स्वार खुर्द गांव के ग्रामीणों का कहना है कि एक क्रेटा कार में सवार होकर तीन लोग गांव में आए। उन्होंने जागन लाल के घर के बाहर बंधी बकरी की रस्सी चाकू से काटकर बकरी को कार में कार में भर लिया और भागने लगे। यह देख रहे गांव के कुछ बच्चों ने शोर मचा दिया।
इसके बाद ग्रामीण कार के पीछे भागे। गांव के बाहर पड़ने वाली रेलवे क्रॉसिंग का फाटक उस समय बंद था। तब आरोपियों ने कार को मोड़कर दूसरे रास्ते से भागना चाहा, लेकिन ग्रामीणों को पीछे आता देख हड़बड़ी में कार ड्राइवर संतुलन खो बैठा, जिससे कार सड़क किनारे खंती में जा गिरी। कार में सवार दो लोग किसी तरह मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार इन दोनों के हाथों में चाकू थे। कार सवार तीसरे व्यक्ति को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और आरोपी को अपनी हिरासत में लेकर थाने ले गई।
केमरी थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने बताया कि हिरासत में लिया गया ड्राइवर खुद को कार ड्राइवर बता रहा है। वह कार को किराए पर लेकर आया था। थानाध्यक्ष के अनुसार अभी किसी ग्रामीण की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस पूछताछ व जांच कर रही है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


