अंबेडकरनगर में मिलावट खोरों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, नष्ट कराया 75 किलो दूषित खोआ

 होली में सुरक्षित खानपान की बिक्री को लेकर चौकन्ना खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिला मुख्यालय पर श्रीवास्तव कॉलोनी दोस्तपुर रोड के साहू मिष्ठान भंडार के मिठाई निर्माण इकाई में दूषित 75 किलोग्राम खोआ भंडारित मिला। विभागीय अधिकारियों ने इसे मौके पर नष्ट करा दिया।

इसका अनुमानित मूल्य 22,500 रुपये बताया गया है। कारखाने की साफ-सफाई व्यवस्था तथा खाद्य पदार्थों का भंडारण संतोषजनक नहीं पाए जाने के दुकानदार को नोटिस जारी किया गया।

इसके अलावा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण करते हुए मिलावट के संदेह पर विभिन्न प्रकार की मिठाई, खोया, पापड़ एवं दूध के कुल 10 नमूनों को संग्रहित करते हुए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला को जांच के लिए भेजा गया है। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय श्रवण कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सचल दल ने विशेष अभियान चलाया है।

संकलित किए गए नमूने

स्वीट्स एंड बेकर्स से गुझिया, ऐश्वर्या स्वीट व चौधरी स्वीट से कलाकंद मिठाई, बंगाली स्वीट से पेड़ा, हरिश्चंद्र किराना स्टोर से पापड़, सत्यम स्वीट हाउस से खोआ, बंगाली स्वीट हाउस से खोआ, जनता डेयरी से दूध व शिव शक्ति स्वीट से मिल्ककेक का नमूना लिया गया है।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि उक्त समस्त नमूने की जाच रिपोर्ट प्रयोगशाला से प्राप्त होने के उपरांत अपमिश्रण पाए जाने पर खाद्य कारोबारकर्ताओं पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। जांच टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार पांडेय, दिनेश कुमार राय, चंद्रप्रकाश यादव, मोहम्मद नसीम खान, संतोष कुमार वर्मा एवं ओम प्रकाश शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *