जम्मू शहर में इन दिनों सूरज की तपिश और लू के थपेड़ों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। तापमान रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने से राहगीरों और स्थानीय लोगों का हलक सूख रहा है। इस भीषण और जानलेवा गर्मी के बीच शहर के लोगों को राहत देने के सरकारी दावे पूरी तरह से खोखले साबित हो रहे हैं। शहर के व्यस्त बाजारों, मेटाडोर स्टैंडों और सार्वजनिक स्थानों पर राहगीरों की प्यास बुझाने के लिए लगाए गए करीब दो दर्जन वाटर कूलर आज भी पूरी तरह से खराब और सूखे पड़े हैं।
हालत यह है कि भगवती नगर स्थित श्री अमरनाथ यात्री भवन के सामने लगा एकमात्र वाटर कूलर करीब एक साल से खराब पड़ा है। यात्रा शुरू होने को है, बावजूद इसके अभी तक इसे ठीक नहीं किया जा सका। पूर्व कारपोरेटर सुच्चा सिंह का कहना है कि नगर निगम अधिकारियों को कई बार शिकायत की गई। विधायक ने भी निर्देश दिए लेकिन स्थिति जस की तस है। पूर्व कारपोरेटर अमित गुप्ता का कहना है कि बस स्टैंड, वेयर हाउस और हरि सिंह पार्क में महीनों से वाटर कूलर खराब पड़े हैं।कोई सुन नहीं रहा।
पूर्व कारपोरेटर ज्योति देवी ने बताया कि त्रिकुटा नगर के सेक्टर 1 में सलाथिया पार्क के नजदीक लगा वाटर कूलर खराब पड़ा है। ऐसे ही शहर में करीब दो दर्जन वाटर कूलर खराब पड़े हुए हैं। शहर में 400 से ज्यादा वाटर कूलर लगे हुए हैं। हालांकि निगम ने गर्मियां शुरू होने के साथ इन्हें ठीक करने की कवायद जारी रखी हुई है लेकिन सभी वाटर कूलर ठीक नहीं हो पाए।
ठंडा पानी तो दूर, बूंद-बूंद को तरस रहे राहगीर
स्थानीय नागरिकों और राहगीरों का कहना है कि जब उन्हें ठंडे पानी की सबसे ज्यादा जरूरत है, तब ये मशीनें कबाड़ की तरह खड़ी हैं। कई जगहों पर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट और नगर निगम के तहत लगाए गए वाटर कूलरों में या तो पानी की सप्लाई नहीं है या फिर उनकी मोटर और कूलिंग सिस्टम महीनों से खराब पड़े हैं। इस स्थिति में गरीब मजदूरों, रेहड़ी-फड़ी वालों और बाहर से आने वाले यात्रियों को मजबूरन पैसे खर्च कर पानी खरीदना पड़ रहा है।
जनता में भारी आक्रोश, मरम्मत की उठ रही मांग
शहर के विभिन्न बाजारों के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि एक तरफ सरकार हीटवेव को लेकर एडवायजरी जारी कर रही है और दूसरी तरफ बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। हमारी मांग है कि इन खराब पड़े वाटर कूलरों को बिना किसी देरी के तुरंत ठीक करवाया जाए।
जम्मू नगर निगम के प्रयास नाकाफी
हालांकि जम्मू नगर निगम की ओर से सड़कों पर पानी का छिड़काव करने जैसे कुछ कदम उठाए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर जनता की प्यास बुझाने के लिए किए गए प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। भीषण गर्मी के इस मौसम में रखरखाव की भारी लापरवाही के कारण जनता पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान हो रही है। अब देखना यह होगा कि नगर निगम इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर कब तक खराब वाटर कूलरों को दोबारा चालू करवा पाता है। निगम के एक्सईएन एसपी सिंह का कहना है कि अधिकतर वाटर कूलर ठीक कर दिए गए हैं। शेष की भी मरम्मत करवाई जाएगी।


